अंबेडकरनगर में 35 मुकदमों के आरोपी सुपारी किलर वाहिद अंसारी का एनकाउंटर, सीने-पैर में लगीं चार गोलियां
शिव बाबा मंदिर के पास आधी रात पुलिस से मुठभेड़, एसपी प्राची सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी गोली; दो पुलिसकर्मी घायल, 35 मामलों में था वांछित
अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में सुपारी किलर और कथित हथियार तस्कर वाहिद अंसारी (35) मारा गया। पुलिस के मुताबिक, वाहिद पूर्वांचल में हथियारों की सप्लाई करने के साथ ही पैसे लेकर हत्याएं भी करता था। वह बिल्लू इंदौरिया गैंग का सक्रिय सदस्य था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 35 मुकदमे दर्ज थे। गोरखपुर के कैंट थाने की पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी।

मुठभेड़ मंगलवार रात करीब 12 बजे जिला मुख्यालय से सात किलोमीटर दूर अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में शिव बाबा मंदिर के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वाहिद के सीने और पैर में चार गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। वहीं, एसपी प्राची सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगने से वह बाल-बाल बच गईं।
चार प्वाइंट में समझिए कैसे हुआ एनकाउंटर
1\. बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश
एसपी प्राची सिंह के मुताबिक, 17 नवंबर को जिले में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शिव बाबा धाम के पास पुलिस ने बैरियर लगाकर वाहनों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान एसपी भी एसओजी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। रात करीब 12 बजे बाइक पर सवार दो संदिग्ध तेज रफ्तार से बैरियर पार करने की कोशिश करने लगे।
2\. रोकने पर बदमाशों ने की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, थाना प्रभारी ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो पीछे बैठे बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से थाना प्रभारी घायल हो गए। इसके बाद दोनों बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश भागने में सफल रहा, जबकि दूसरा गोली लगने से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
3\. अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुलिस टीम घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि एसपी प्राची सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी।
4\. 35 मुकदमों से खुली पहचान
मृतक की पहचान गाजीपुर निवासी वाहिद अंसारी पुत्र अब्बकर के रूप में हुई। पुलिस ने सीसीटीएनएस रिकॉर्ड खंगाला तो उसके खिलाफ लूट, हत्या, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 35 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली। वह गोरखपुर के कैंट थाने से भी वांछित था।
लव मैरिज के बाद सुल्तानपुर में बस गया था वाहिद
पुलिस के मुताबिक, वाहिद मूल रूप से गाजीपुर के बहरियाबाद का रहने वाला था। काफी समय पहले वह गाजीपुर छोड़कर सुल्तानपुर में रहने लगा था। वहां उसने प्रेम विवाह किया था। इसके बाद वह सुल्तानपुर से ही अपनी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। पुलिस के अनुसार, वह बिल्लू इंदौरिया गैंग का सक्रिय सदस्य था और पूर्वांचल में हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क से जुड़ा था।
हथियार तस्करी के मामले में गोरखपुर पुलिस को थी तलाश
गोरखपुर कैंट थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के मुताबिक, असलहा तस्करी के मामले में बिट्टू इंदौरी की हाल ही में गिरफ्तारी हुई थी। पूछताछ के दौरान गाजीपुर निवासी वाहिद अंसारी का नाम भी हथियारों की तस्करी में सामने आया था। इसके बाद उसे भी संबंधित मुकदमे में आरोपी बनाया गया था। गोरखपुर पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
आठ साल में 266 अपराधी एनकाउंटर में मारे गए
प्रदेश सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, मार्च 2017 से अक्टूबर 2025 तक उत्तर प्रदेश पुलिस ने 266 अपराधियों को मुठभेड़ में मार गिराया। इस अवधि में 16 हजार से अधिक पुलिस मुठभेड़ हुईं, जिनमें 31 हजार से ज्यादा अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, 10 हजार से अधिक अपराधियों को गोली लगने से चोटें आईं। प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।


