मस्जिद में छिपे लश्कर कमांडर लतीफ भट को सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में मार गिराया
वीडियो कॉल कर जवानों ने दिया था सरेंडर का मौका, आतंकी बोला- मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है, नहीं करूंगा आत्मसमर्पण; 15 लाख रुपये का था इनामी
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी कमांडर लतीफ भट को बुधवार को मुठभेड़ में मार गिराया। वह कुलगाम के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका भी दिया। इसके लिए जवानों ने वीडियो कॉल के जरिए उससे संपर्क किया और मुख्यधारा में लौटने की अपील की, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। लतीफ ने कहा कि उसे अल्लाह से मुलाकात करनी है और वह आत्मसमर्पण नहीं करेगा। लतीफ पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
वीडियो कॉल पर जवानों से बोला- बहुत खुश हूं

मुठभेड़ से पहले सुरक्षाबलों ने लतीफ भट को वीडियो कॉल कर सरेंडर करने के लिए समझाया। एक पुलिस अधिकारी ने उससे कहा, ‘हम तुम्हारे साथ हैं, जिंदगी अभी बाकी है।’ इस पर लतीफ ने जवाब दिया, ‘मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। मैं बहुत खुश हूं। सरेंडर नहीं करूंगा।’ इसके बाद सुरक्षाबलों ने अभियान जारी रखा और मुठभेड़ में उसे मार गिराया।
सीआरपीएफ पोस्ट पर फायरिंग के बाद से था फरार

सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ भट ने उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में सीआरपीएफ की पोस्ट पर फायरिंग की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। वारदात के बाद दोनों आतंकी फरार हो गए थे। सुरक्षाबल लगातार उनकी तलाश में जुटे थे।
16 नवंबर को अखरान के लारू इलाके में पुलिस और सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों को घेर लिया था। इस दौरान हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भागने में कामयाब रहा। हालांकि, इस दौरान उसके पैर में गोली लगी थी। इसके बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया था।
दो दिन बाद सुरक्षाबलों को सूचना मिली कि लतीफ देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपा हुआ है। इसके बाद जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर उसे आत्मसमर्पण का मौका दिया। इनकार करने पर कार्रवाई की गई और वह मारा गया।
15 लाख का इनामी था लश्कर कमांडर

लतीफ भट पर सुरक्षाबलों ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह वर्ष 2025 की शुरुआत में अपने घर से लापता हो गया था। इसके बाद उसके परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में पाकिस्तान में बैठे आतंकी ऑपरेटिव सज्जाद गुल ने उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी नेटवर्क द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) में भर्ती कराया था।
लतीफ ने अशमजी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने कुछ समय कुलगाम के सरकारी डिग्री कॉलेज में भी पढ़ाई की। बाद में वह बढ़ई का काम करने लगा था। बताया जाता है कि उमर निसार डार ने उसे करीब छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने सीआरपीएफ पोस्ट पर हमले से पहले कई इलाकों की रेकी भी की थी।
छह महीने में लश्कर के चार कमांडर ढेर
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान लगातार जारी है। पिछले छह महीनों में लश्कर-ए-तैयबा के चार कमांडर मारे जा चुके हैं। इनमें लतीफ भट के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मसा उर्फ आसिफ फौजी शामिल हैं।
जाकिर अहमद गनई आठ जुलाई 2026 को शोपियां में मारा गया था। यासिर चार सितंबर को ऑपरेशन असधर के दौरान ढेर हुआ, जबकि मसा उर्फ आसिफ फौजी 30 सितंबर को बडगाम में ऑपरेशन शेरुवाली में मारा गया था। लतीफ भट के मारे जाने को सुरक्षाबलों के लिए आतंकवाद के खिलाफ अभियान में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।


