सुबह-शाम बढ़ी ठंडक, दोपहर में तेज धूप से गर्मी का एहसास

सुबह-शाम बढ़ी ठंडक, दोपहर में तेज धूप से गर्मी का एहसास

कानपुर। मौसम में लगातार बदलाव के बीच सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ने लगी है। सर्द हवाओं के चलते लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है। मंगलवार सुबह भी ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का एहसास कराया। वहीं, दिन में आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से गर्मी महसूस होगी। ऐसे में सुबह और शाम घर से बाहर निकलने वालों को ठंड से बचाव करने की जरूरत है। दोपहर में धूप के कारण मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहेगा।

आसमान साफ रहेगा, दिन में बढ़ेगा तापमान

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय सर्द हवाएं ठंडक बढ़ाएंगी, जबकि धूप निकलने से दिन में तापमान बढ़ेगा। शाम होते ही एक बार फिर ठंड का एहसास होगा। आसमान में कहीं-कहीं हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं, लेकिन मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। हवाओं के प्रभाव से दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट भी हो सकती है।

सामान्य से अधिक रहा तापमान

इससे पहले सोमवार को सुबह और शाम सर्द हवाओं ने लोगों को ठंड का एहसास कराया। दोपहर में तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई और गर्मी महसूस की गई। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) की मौसम रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक था।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *