कानपुर में 5 मंजिला अपार्टमेंट में आग, 2 की मौत
बच्चा जिंदा जला, 30 फीट से कूदी महिला की भी जान गई; 10 लोग बालकनी से कूदे

कानपुर। कानपुर में 5 मंजिला राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में एक महिला और 15 साल के लड़के की जिंदा जलकर मौत हो गई। कई लोग झुलस गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपार्टमेंट में कुल 12 परिवार रहते हैं। सुबह करीब 4:30 बजे नीचे के फ्लैट में आग लगी। देखते ही देखते आग पार्किंग और ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पड़ोसियों ने पटरे लगाकर बगल के मकान से कई लोगों को निकाला। 20-25 लोग फ्लैट की बालकनी से कूद गए। कुछ लोग साड़ी से रस्सा बनाकर नीचे उतरने की कोशिश में गिर गए। एक की रीढ़ की हड्डी टूट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने अपार्टमेंट में फंसे 6 लोगों को सीढ़ी लगाकर बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए हैलट अस्पताल भेजा गया। करीब 2 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। पार्किंग में खड़ीं स्कूटी-बाइकें जलकर राख हो गईं। पुलिस का कहना है कि आग की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। मृतकों में राखी साहू (48) और प्रांजुल उर्फ प्रांजल बाथम (15) शामिल हैं। हादसा फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर चौकी इलाके में हुआ। अपार्टमेंट से बाहर निकलने का एक ही रास्ता था। पार्किंग में खड़ी की बाइकों तक आग पहुंचने से कोई इस रास्ते से बाहर नहीं आ पाया।
आग पर काबू पाने के बाद पुलिस और दमकल की टीम ने एक-एक फ्लैट में जाकर देखा कि कोई अंदर फंसा तो नहीं रहा गया। आग से पार्किंग में खड़ी बाइक और स्कूटी जलकर राख हो गई। आग इतनी भीषण थी कि उन्हें पहचान पाना भी मुश्किल हो गया।
अपार्टमेंट में आग के बाद लोग साड़ी और चादरों की रस्सी बनाकर बालकनी से नीचे गली में उतरे।
‘जब आग लगी, तब सभी सो रहे थे’
महेश तिवारी ने बताया, “मैं राधिका अपार्टमेंट के तीसरे फ्लोर पर रहता हूं। बिल्डिंग में करीब 50 से 60 लोग रहते हैं। सुबह सभी सो रहे थे, तभी अचानक शोर मचने लगा। दरवाजा खोला तो चारों तरफ धुआं था और आग लगी थी। अफरातफरी मच गई। हम लोग जान बचाने के लिए भागे। तीसरे फ्लोर पर धोती के सहारे सेकेंड फ्लोर पर उतरे। वहां पटरा लगाकर बगल वाली बिल्डिंग पर गए।
अपार्टमेंट में फायर सेफ्टी के कोई इंतजाम नहीं
महेश तिवारी ने बताया, अपार्टमेंट के मालिक का नाम मोहित तिवारी है। यहां फायर सेफ्टी के कोई इंतजाम नहीं हैं। दमकल की गाड़ियां भी काफी देर से पहुंचीं। तब तक हम लोगों समेत कई लोग नीचे उतर चुके थे।
तीसरे मंजिल से एडवोकेड की पत्नी के कूदने से मौत हुई

योगेश पांडेय ने बताया- तड़के साढ़े 4 से 5 बजे के बीच में आग लगने की सूचना मिली। तीसरे फ्लोर पर रहने वाले एडवोकेट जीतेंद्र साहू की पत्नी की कूदने से मौत हो गई। जबकि 5वें फ्लोर पर रहने वाले अनिल बाथम के बेटे प्रांजुल की मौत हो गई। अनिल और उनकी पत्नी की भी हालत गंभीर है।
एक महिला की हालत गंभीर, 40 फीसदी तक जली
उर्सला हॉस्पिटल के डॉ. शुभम जैन ने बताया- हमारे पास 4 लोग आए। इसमें राखी और प्रांजुल की मौत हो चुकी थी। प्रांजुल पूरी तरह जल चुका था। वैभव गुप्ता की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है। शायद आग से बचाते समय कूदे होंगे। उनको हैलट के न्यूरो डिपार्टमेंट के लिए रेफर किया गया है। प्रांजुल की मां नीता करीब 40% जली हैं। उनकी हालत गंभीर है।
5-6 फीट चौड़ी गली में 2 साल पहले बना था अपार्टमेंट

आसपास के लोगों ने बताया कि अपार्टमेंट (मकान संख्या 9/74) रामनारायण बाजार में है। 5-6 फीट चौड़ी गली में लगभग 2 साल पहले बना था। इससे बाहर आने का एक ही रास्ता है। वो भी काफी सकरा है। आरोप लगाया कि आग के बाद हमने डायल 112 पर फोन किया, लेकिन काफी देर तक फोन नहीं उठा। ACP कोतवाली अमित पांडेय ने बताया- सुबह अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना मिली थी। अपार्टमेंट में 12 फ्लैट हैं। कुछ लोग पड़ोस के मकानों की दीवारों के सहारे बाहर निकलने में सफल रहे। बाकियों को फायर ब्रिगेड की टीम ने बाहर निकाला। इनमें एक बुजुर्ग, कुछ महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। आग की सूचना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गली सकरी होने की वजह से रेस्क्यू की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में दिक्कत हुई।
‘जितनी भी बिल्डिंगें बनी हैं, सभी की एक बार जांच होनी चाहिए’
स्थानीय निवासी ने बताया, “यहां जितनी भी बिल्डिंगें बनी हैं, सभी की एक बार जांच होनी चाहिए। पता करना चाहिए कि वे किस मानक के हिसाब से और किन परिस्थितियों में बनाई गई हैं। तीन-चार मंजिल बनाने की अनुमति होती है, लेकिन इमारतें पांच-पांच मंजिल तक बना दी जाती हैं। पूरे मामले की तत्काल जांच होनी चाहिए। हादसे में जिन लोगों की जान गई है, उनके परिजनों और प्रभावित लोगों को मुआवजा मिलना चाहिए। साथ ही यह भी तय होना चाहिए कि इस हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है और किसकी जवाबदेही बनती है।”


