कानपुर से दिल्ली के लिए सोमवार से नई ट्रेन शुरू, 22 एलएचबी कोच के साथ रात 8:40 बजे होगी रवाना
कानपुर। कानपुर से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सोमवार से एक और ट्रेन की सुविधा मिलने जा रही है। रेलवे कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू करने जा रहा है। रेल मंत्री दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन संख्या 04195 को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वहीं कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर स्टेज बनाया गया है, जहां जनप्रतिनिधियों के साथ रेलवे के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
22 आधुनिक एलएचबी कोच से चलेगी ट्रेन
नई एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित संचालन 14153 और 14154 नंबर से किया जाएगा। ट्रेन में 22 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। यह ट्रेन कानपुर से दिल्ली के बीच करीब 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। रेलवे के मुताबिक, ट्रेन संख्या 14153 कानपुर सेंट्रल से रात 8:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। इससे यात्रियों को दिल्ली और एनसीआर तक पहुंचने के लिए एक और विकल्प मिलेगा।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
नई ट्रेन कानपुर सेंट्रल से चलकर फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद होते हुए आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। इससे कानपुर के अलावा औरैया, इटावा, फिरोजाबाद, हाथरस और अलीगढ़ के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। इन क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली-एनसीआर तक सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।
व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, नई ट्रेन के संचालन से कानपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में सहूलियत होगी। साथ ही सड़क मार्ग पर यात्री दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी। दिल्ली-एनसीआर से जुड़ाव बढ़ने के कारण रास्ते में पड़ने वाले शहरों के व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। 22 एलएचबी कोच वाली यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और एनसीआर के बीच रेल संपर्क को और मजबूत करेगी।


