रेउना में खेत में फंदे से लटका मिला 30 वर्षीय युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

रेउना में खेत में फंदे से लटका मिला 30 वर्षीय युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

पत्नी पांच-छह साल से मायके में रह रही थी, मृतक के पीछे दो बेटियां और एक बेटा; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

कानपुर नगर। रेउना थाना क्षेत्र के भोला नगर अजगरपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक युवक का शव गांव के बाहर खेत में पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, भोला नगर अजगरपुर गांव निवासी उदल निषाद (30) पुत्र रामाधार का शव शुक्रवार देर रात गांव के बाहर खेत में मिला। बताया गया कि भोला नगर तिराहे से दाहिनी ओर स्थित खेतों में एक पेड़ पर उसका शव लटका हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए घटनास्थल की जांच की।

परिजनों के मुताबिक, उदल की पत्नी उर्मिला देवी पिछले पांच-छह वर्षों से अपने मायके डिडौली गांव, थाना भोगनीपुर, कानपुर देहात में रह रही थी। उदल अपने माता-पिता के साथ गांव में रहता था। उसके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं। वहीं पिता रामाधार, मां सावित्री और दो भाई भी हैं। दोनों भाई बाहर रहते हैं। परिजनों ने बताया कि उदल शराब पीने का आदी था।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता की मौत के बाद तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिवार में अब बच्चों के भविष्य और पालन-पोषण को लेकर चिंता बढ़ गई है।

पुलिस ने घटनास्थल पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर युवक की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

रेउना थाना प्रभारी अनुज राजपूत ने बताया कि युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *