कानपुर में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, 2200 किलो संदिग्ध खोया नष्ट
फिरोजाबाद और इटावा से बिक्री के लिए लाया जा रहा था खोया, खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीन नमूने जांच के लिए भेजे

कानपुर नगर। दीपावली और आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को विभागीय टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 2200 किलोग्राम संदिग्ध खोया पकड़ा। अस्वच्छ परिस्थितियों में परिवहन और दुर्गंध मिलने के बाद विभाग ने तीन नमूने जांच के लिए संग्रहित किए, जबकि शेष खोये को कल्याणपुर स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट में नष्ट करा दिया।
भौती मोड़ पर पकड़ा गया 1150 किलो खोया
खाद्य सुरक्षा विभाग को मिली सूचना के आधार पर टीम ने भौती मोड़ पर महिंद्रा पिकअप संख्या यूपी 75 सीटी 0633 को रोककर जांच की। वाहन में 29 बोरियों में करीब 1150 किलोग्राम खोया मिला। इसकी अनुमानित कीमत 4.06 लाख रुपये बताई गई। मौके पर मौजूद आनंद पुत्र मान सिंह और कप्तान सिंह ने बताया कि खोया फिरोजाबाद के शिकोहाबाद स्थित नगला मानसुख से लाया जा रहा था। जांच के दौरान खोया गंदी बोरियों में खुले वाहन से परिवहन होता मिला और उसमें दुर्गंध भी पाई गई। टीम ने दो नमूने लेकर शेष खोया नष्ट करा दिया।
इटावा से आया 1050 किलो खोया भी नष्ट
दूसरी कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोमनाथ कुशवाहा एवं डॉ. देवेंद्र सिंह आजाद ने एक छोटे मालवाहक वाहन से करीब 1050 किलोग्राम खोया बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत 3.67 लाख रुपये आंकी गई। मौके पर मिले धर्मेंद्र कुमार निवासी बिरारी, इटावा ने बताया कि खोया वीरेंद्र पुत्र दुर्जन लाल का है और इसे कानपुर में बिक्री के लिए लाया जा रहा था। जांच में बिना तापमान नियंत्रण के अस्वच्छ परिस्थितियों में परिवहन और दुर्गंध मिलने पर टीम ने एक नमूना संग्रहित किया। इसके बाद शेष खोया नष्ट करा दिया गया।
मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान जारी
सहायक आयुक्त खाद्य संजय प्रताप सिंह ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। संग्रहित नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।


