टल घाट पर 5100 दीपों से जगमगाया गंगा तट, भव्य महाआरती ने मोहा मन

टल घाट पर 5100 दीपों से जगमगाया गंगा तट, भव्य महाआरती ने मोहा मन

गंगा उत्सव-2026 में लोकनृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, गंगा संरक्षण का दिया संदेश

कानपुर नगर। नमामि गंगे अभियान के तहत गंगा बैराज स्थित अटल घाट पर बुधवार को गंगा उत्सव-2026 की मुख्य संध्या भव्यता के साथ आयोजित की गई। दीपोत्सव, महागंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे घाट को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में 5100 दीपों के प्रज्ज्वलन से गंगा तट रोशनी से जगमगा उठा। इस दौरान विधायक नीलिमा कटियार विशेष रूप से मौजूद रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4:30 बजे हुई। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी (डीएफओ) आकांक्षा जैन ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य और संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर भारतीय लोक संस्कृति की झलक पेश की। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से मां गंगा की महत्ता और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया।

शाम 5:30 बजे आयोजित दीपोत्सव में 5100 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की सुनहरी रोशनी से अटल घाट का नजारा बेहद आकर्षक हो गया। इसके बाद शाम छह बजे आचार्य कालीचरण दीक्षित एवं अन्य पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से महागंगा आरती संपन्न कराई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने मां गंगा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

गंगा उत्सव के तहत एक से तीन नवंबर तक जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इनमें प्रभात फेरी, खेल प्रतियोगिताएं, संगोष्ठियां और स्कूल-कॉलेजों में विभिन्न प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। इन गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को डीएफओ आकांक्षा जैन ने पुरस्कृत किया।

वहीं पर्यावरण संरक्षण और नदी की स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली वीमेन एम्पावरमेंट वेलफेयर सोसाइटी, रेवम्प इंडिया, गंगा रक्षक दल (श्री मां गंगा आरती परिवार निधि), गीतानुरागी फाउंडेशन और कानपुर प्लॉगर सहित अन्य सामाजिक संस्थाओं को विधायक नीलिमा कटियार ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे सहित जिला गंगा समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *