उज्ज्वला योजना से महिलाओं को मिली बड़ी राहत, निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी वितरित
नवीन सभागार में जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को सौंपे प्रतीकात्मक चेक, महिलाओं ने साझा किए योजना से मिले लाभ
कानपुर नगर। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में प्रदेश सरकार की ओर से उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी वितरित की गई। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कानपुर नगर के सरसैया घाट चौराहा स्थित नवीन सभागार में किया गया। यहां आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान विधायक कल्याणपुर नीलिमा कटियार, विधायक किदवई नगर महेश त्रिवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वपनिल वरुण, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई एवं अरुण पाठक की उपस्थिति में लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। इनमें सुशीला वर्मा, सोमवती वर्मा, पार्वती, पूनम सोनकर, शान्ती देवी, शम्मों और जीनत सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का उद्देश्य महिलाओं को पारंपरिक ईंधन से होने वाले धुएं और परेशानियों से मुक्ति दिलाकर स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को रसोई में बड़ी राहत मिली है। गैस कनेक्शन के साथ सिलेंडर रिफिल पर मिलने वाली सब्सिडी भी परिवारों के आर्थिक बोझ को कम करने में सहायक साबित हो रही है।
कार्यक्रम में मौजूद लाभार्थी महिलाओं ने भी योजना से अपने जीवन में आए बदलावों के अनुभव साझा किए। लाभार्थी सोमवती वर्मा सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि पहले भोजन बनाने के लिए लकड़ी और उपलों का इस्तेमाल करना पड़ता था। इससे रसोई में काफी धुआं होता था और आंखों में जलन के साथ सांस लेने में भी परेशानी होती थी। कई बार ईंधन जुटाने के लिए घंटों मेहनत करनी पड़ती थी, लेकिन गैस सिलेंडर मिलने से उनकी दिनचर्या काफी आसान हो गई है।
महिलाओं ने बताया कि अब कम समय में भोजन तैयार हो जाता है और धुएं से भी राहत मिली है। गैस सिलेंडर रिफिल पर मिलने वाली सब्सिडी से आर्थिक मदद मिलती है, जिससे परिवार के बजट को संभालने में सहूलियत होती है। उन्होंने योजना को महिलाओं के स्वास्थ्य, सुविधा और सम्मान से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया।
उज्ज्वला योजना ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जरूरतमंद महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के साथ उनके जीवन स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। गैस सुविधा से महिलाओं का समय और श्रम बच रहा है, जिसका उपयोग वे परिवार, बच्चों और अन्य जरूरी कार्यों में कर पा रही हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से उज्ज्वला लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का संदेश दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता भी जताई।


