अतुल हत्याकांड: महिला के देवर को भी पुलिस ने किया गिरफ्तार, ससुर की तलाश में दबिश

अतुल हत्याकांड: महिला के देवर को भी पुलिस ने किया गिरफ्तार, ससुर की तलाश में दबिश

आधी रात महिला के बुलाने पर घर पहुंचा था युवक, मुंह बांधकर बेरहमी से पीटकर की गई थी हत्या; अब तक चार गिरफ्तार

कानपुर। साढ़ थाना क्षेत्र के गंभीरपुर गांव में अतुल उर्फ गोपाल तिवारी हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला के देवर मोहित अवस्थी को मंगलवार को गिरफ्तार किया। मामले में महिला, उसके पति और सास को पुलिस सोमवार को ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, घटना में शामिल महिला के ससुर कालिका प्रसाद उर्फ कल्लू अवस्थी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

गंभीरपुर गांव में शनिवार आधी रात महिला के बुलाने पर उसके घर पहुंचे अतुल की मुंह बांधकर बेरहमी से पिटाई की गई थी। हमले में गंभीर रूप से घायल अतुल की कुछ देर बाद मौत हो गई थी। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया था।

महिला ने फोन कर घर बुलाया था अतुल को

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात गंभीरपुर निवासी रमा अवस्थी उर्फ सुमन ने गांव के ही अतुल उर्फ गोपाल तिवारी को फोन कर आधी रात अपने घर बुलाया था। वहां पहले से मौजूद महिला के पति विकास अवस्थी, देवर मोहित अवस्थी, ससुर कालिका प्रसाद उर्फ कल्लू अवस्थी और सास बबली अवस्थी ने मिलकर अतुल को घेर लिया। इसके बाद उसका मुंह बांधकर बेरहमी से पिटाई की गई। गंभीर चोटों के चलते अतुल ने दम तोड़ दिया।

अब तक चार आरोपी गिरफ्तार

हत्याकांड में पुलिस ने सबसे पहले घटना की सूत्रधार बताई जा रही रमा अवस्थी उर्फ सुमन, उसके पति विकास अवस्थी और सास बबली अवस्थी को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेजा था। मंगलवार को देवर मोहित अवस्थी की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार हो गई है। पुलिस अब फरार ससुर कालिका प्रसाद उर्फ कल्लू अवस्थी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *