कानपुर सेंट्रल पर पहुंची वंदे भारत स्लीपर स्पेशल, सांसद-मंत्रियों ने हरी झंडी दिखाकर दिल्ली रवाना किया
रात 8:50 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची ट्रेन, सांसद रमेश अवस्थी ने चालक को माला पहनाकर किया सम्मानित; पांच मिनट के ठहराव के बाद अलीगढ़-गाजियाबाद के लिए रवाना
कानपुर। काशी से दिल्ली के बीच शुरू हुई वंदे भारत स्लीपर स्पेशल ट्रेन का शनिवार रात कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर जोरदार स्वागत किया गया। रात 8:50 बजे ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची तो सांसद रमेश अवस्थी, प्रदेश सरकार की मंत्री प्रतिभा शुक्ला और राकेश सचान समेत कई जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया। सांसद रमेश अवस्थी ने ट्रेन के चालक को माला पहनाकर सम्मानित किया। करीब पांच मिनट के ठहराव के बाद सांसद, मंत्री और विधायकों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया।
प्रयागराज से पायलट अरशद खान ट्रेन लेकर कानपुर पहुंचे थे। कानपुर सेंट्रल पर ट्रेन का पायलट बदला गया। यहां से ट्रेन अलीगढ़ होते हुए गाजियाबाद पहुंचेगी। इससे पहले शनिवार शाम वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर वंदे भारत स्लीपर स्पेशल ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया था।
कानपुरवासियों को मिली बड़ी सौगात : सांसद
स्वागत समारोह के दौरान सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रयासों से कानपुर को बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने बताया कि बनारस में रेल मंत्री ने कानपुर में बुलेट ट्रेन का स्टेशन बनाने की घोषणा की है। इसके साथ ही वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का ठहराव कानपुर में सुनिश्चित किया गया है। कानपुरवासियों की मांग पर गाजियाबाद में भी ट्रेन का ठहराव दिया गया है।
उन्होंने कहा कि कानपुर का विकास प्रधानमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है। शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगें पूरी हुई हैं। भविष्य में भी कानपुर को जरूरत के मुताबिक रेल और अन्य सुविधाएं दिलाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां
ट्रेन के कानपुर सेंट्रल पहुंचने से पहले स्टेशन पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों ने देशभक्ति और भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं। संगीत की धुन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें सम्मानित करने के साथ उपहार भी दिए गए। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद
स्वागत कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान और प्रतिभा शुक्ला, एमएलसी सलिल विश्नोई, भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी और सुरेंद्र मैथानी तथा सपा विधायक मोहम्मद हसन रूमी मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, जिला मंत्री ऋतुराज मिश्रा और जिला मीडिया संयोजक उपेंद्र शुक्ला समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


