कानपुर में शादी का झांसा देकर 6 साल किया रेप
बिलाल ने समीर बनकर युवती से की दोस्ती, गिरफ्तार
कानपुर। कानपुर के काकादेव में एक युवती ने बिलाल सलमानी पर पहचान छिपाकर दोस्ती करने और शादी का झांसा देकर छह साल तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने फेसबुक के जरिए उससे संपर्क किया और खुद को समीर बताया था।
युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी उससे रुपये मांगता था और विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देता था। शिकायत मिलने के बाद काकादेव पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फेसबुक के जरिए हुई थी मुलाकात
पीड़िता के अनुसार, करीब छह साल पहले उसकी आरोपी से फेसबुक पर बातचीत शुरू हुई थी। आरोप है कि बिलाल ने अपनी पहचान समीर के रूप में बताकर उससे दोस्ती की। बाद में युवती को उसके असली नाम की जानकारी हुई।
काकादेव में किराये पर रहता था आरोपी
आरोपी मूल रूप से लखीमपुर का रहने वाला बताया गया है। वह कानपुर के काकादेव इलाके में किराये का मकान लेकर रह रहा था। पीड़िता का आरोप है कि वह उससे लगातार रुपये की मांग करता था। पैसे देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की जाती और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
पीड़िता ने आरोपी की हरकतों से परेशान होकर काकादेव थाने में शिकायत की। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि शिकायत के आधार पर बिलाल सलमानी उर्फ समीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


