चकेरी में लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार; दूसरे की तलाश

चकेरी में लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार; दूसरे की तलाश

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के स्वर्ण जयंती विहार में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 32 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश में टीमें जुटी हैं। मृतका की बहन की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई है। उसके शरीर पर 15 जगह चोटों के निशान भी मिले हैं।

कमरे में मिला था महिला का शव

22 अक्टूबर को स्वर्ण जयंती विहार स्थित एक मकान के कमरे में महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

कमरे में ताला लगा होने और महिला के दो दिन से दिखाई नहीं देने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई थी। इसके बाद मकान मालिक को सूचना दी गई और पुलिस को मामले की जानकारी हुई। शनिवार को देवरिया से पहुंची मृतका की बहन ने शव की पहचान की।

तलाक के बाद किराये के मकान में रहने लगी थी महिला

मृतका मूल रूप से देवरिया जिले के बघौचघाट थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। करीब 12 साल पहले उसकी शादी उन्नाव निवासी युवक से हुई थी। वैवाहिक विवाद के बाद महिला ने पति के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। तलाक होने के बाद वह चकेरी क्षेत्र में किराये के मकान में रहने लगी थी।

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान वह सेन पश्चिम पारा क्षेत्र के रहने वाले एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी। दोनों स्वर्ण जयंती विहार स्थित एक कमरे में रह रहे थे। महिला के दूसरे आरोपी से भी संबंध होने की बात सामने आई है। बताया गया है कि महिला ने पहले अपने लिव-इन पार्टनर के खिलाफ मारपीट, धमकी और शारीरिक शोषण से संबंधित शिकायतें भी दर्ज कराई थीं। पुलिस इन पहलुओं की जांच कर रही है।

विवाद के बाद गला घोंटकर हत्या का आरोप

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात महिला का लिव-इन पार्टनर उसके कमरे पर पहुंचा था, जहां दूसरा आरोपी पहले से मौजूद था। इसके बाद तीनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि दोनों युवकों ने मिलकर महिला का गला घोंट दिया और उसके सिर पर भी कई वार किए। इससे सिर की हड्डी टूटने की बात सामने आई है। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पोस्टमार्टम में 15 जगह चोटों के निशान

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, महिला की मौत गला दबाने से हुई। उसके शरीर पर पैर के अंगूठे, हाथ की उंगलियों, गाल और गर्दन समेत करीब 15 जगह चोटों के निशान मिले हैं। दुष्कर्म की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने स्लाइड भी बनवाई है। इस संबंध में स्थिति जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर स्पष्ट होगी।

पुलिस की जांच में महिला के नाम पर तीन अलग-अलग आधार कार्ड होने की जानकारी भी सामने आई है। इसके अलावा, महिला की ओर से कुछ लोगों के खिलाफ दुष्कर्म और छेड़छाड़ के मुकदमे दर्ज कराए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस इन तथ्यों का सत्यापन कर रही है।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश

            आरोपी  पप्पू

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मृतका की बहन की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *