शिव मंदिर में दानपात्र तोड़कर चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध; तीन हिरासत में
काकादेव के शास्त्री नगर स्थित सब्जी मंडी के शिव मंदिर में देर रात हुई घटना, साबड़ से दरवाजा और दानपात्र तोड़कर नकदी ले जाने का आरोप
कानपुर। काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित सब्जी मंडी के शिव मंदिर में बृहस्पतिवार देर रात चोरी की घटना सामने आई। टोपी लगाकर मंदिर में घुसे एक संदिग्ध ने साबड़ से दरवाजा और दानपात्र तोड़ दिया। मंदिर में चोरी करते हुए संदिग्ध सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध मंदिर के अंदर दानपात्र तोड़कर चोरी करता दिखाई दे रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके से जुड़े साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। दानपात्र से कितनी नकदी चोरी हुई है, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।
लगातार चोरियों से स्थानीय लोगों में चिंता
क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक, शास्त्री नगर और सब्जी मंडी के आसपास पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। काकादेव इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


