बीसीसीआई का बड़ा ऐलान, प्रज्ञान ओझा बने नए सेलेक्शन कमिटी के चीफ, रमेश पवार भी हुए शामिल

बीसीसीआई का बड़ा ऐलान, प्रज्ञान ओझा बने नए सेलेक्शन कमिटी के चीफ, रमेश पवार भी हुए शामिल

BCCI ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा को मेंस सेलेक्शन कमिटी का नया चीफ सेलेक्टर नियुक्त किया है। रमेश पोवार को भी सेलेक्शन कमिटी का सदस्य नियुक्त किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया की सेलेक्शन कमिटी में बड़ा बदलाव किया है। अब पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को इस कमेटी का नया चेयरमैन यानी चीफ सेलेक्टर बनाया गया है। ओझा को यह जिम्मेदारी सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने के अनुभव के आधार पर मिली है और वह इस पद पर अजीत अगरकर की जगह लेंगे। इसके अलावा, पूर्व क्रिकेटर रमेश पोवार को भी इस चयन समिति में नए सदस्य के रूप में शामिल कर लिया गया है।

बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) के सदस्य अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे ने चयन समिति के नए सदस्य को चुनने की प्रक्रिया पूरी की। इन दोनों ने मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में सभी आवेदनों की जांच और इंटरव्यू लेने के बाद, आपसी सहमति से रमेश पोवार का नाम इस पद के लिए चुना है।

भारत के लिए दो टेस्ट मैच खेल चुके हैं रमेश पवार
रमेश पावर की बात करें तो उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में भारत के लिए 2 टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले थे। इसके बाद उन्होंने कोचिंग की दुनिया में कई बड़े पदों पर काम किया, जिसमें भारतीय महिला टीम, मुंबई और गुजरात के हेड कोच के अलावा बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी शामिल है। भारतीय महिला टीम के साथ अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने टीम को एशिया कप का खिताब और कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल दिलाया था।

सेलेक्शन कमिटी की अगुवाई करेंगे प्रज्ञान ओझा
भारतीय मेंस क्रिकेट टीम की नए सेलेक्शन कमिटी की कमान अब प्रज्ञान ओझा के हाथों में होगी। उनके साथ इस टीम में शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इस पूरी सेलेक्शन कमिटी का मुख्य काम टीम के लिए बेहतरीन खिलाड़ियों को चुनना और मैच के हिसाब से सही टीम कॉम्बिनेशन तैयार करना है। अब ओझा की अध्यक्षता वाली इस कमेटी पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन और टीम की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सही और निष्पक्ष फैसले लेने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

BCCI ने की चीफ सेलेक्टर की तारीफ
बीसीसीआई ने इस दौरान अपने पूर्व चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के काम की जमकर तारीफ की है। बोर्ड ने उनके लगन, मेहनत और योगदान के लिए उनका शुक्रिया अदा किया है। अगरकर को जुलाई 2023 में चीफ सेलेक्टर नियुक्त किया गया और उनके कार्यकाल में भारतीय क्रिकेट टीम ने बहुत बड़ी सफलताएं हासिल कीं। इस दौरान भारत ने तीन आईसीसी ट्रॉफी, दो एशिया कप और लगातार दो एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीते।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *