कानपुर-सागर हाईवे पर दो पक्षों में मारपीट, लूट की सूचना से मचा हड़कंप
बाइक के कार से छूने पर शुरू हुआ विवाद, दोनों पक्षों के पांच युवक हिरासत में; पुलिस कर रही पूछताछ

घाटमपुर। कानपुर-सागर हाईवे पर धरमपुर बंबा के पास रविवार देर शाम कार और बाइक के बीच टक्कर होते-होते बचने के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों ने फोन कर अपने परिचितों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद हाईवे पर करीब आधे घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। वहीं, कार सवार की ओर से डायल 112 पर लूट की सूचना दिए जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद और मारपीट का सामने आया है।
कार मोड़ते समय हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, घाटमपुर थाना क्षेत्र के ककरहिया गांव निवासी नंदीश अपनी पत्नी और भतीजे सानू के साथ निजी काम से कार लेकर कानपुर गए थे। देर शाम वापस लौटते समय धरमपुर बंबा के पास वह गांव की ओर कार मोड़ने लगे। इसी दौरान सामने से आ रहे सिकौहुला गांव निवासी अमर सिंह की बाइक कार से टकराते-टकराते बची। इस पर नंदीश ने बाइक सवार को रोक लिया और अपने भाई सौरभ को फोन कर मौके पर बुला लिया।
बताया गया कि नंदीश ने अपने भाई सौरभ और भतीजे सानू से अमर सिंह को रोककर रखने के लिए कहा और पत्नी को छोड़ने के लिए कार से ककरहिया गांव चले गए। इसके बाद सौरभ और अमर सिंह के बीच कहासुनी होने लगी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
दोनों पक्षों ने बुलाए अपने लोग
विवाद बढ़ने पर बाइक सवार अमर सिंह ने फोन कर अपने रिश्तेदारों को बुला लिया। वहीं, सौरभ ने भी गांव से युवकों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के करीब 15 युवक वहां पहुंच गए। इसके बाद हाईवे पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया और पूछताछ शुरू कर दी।
लूट की सूचना से पुलिस में मचा हड़कंप
मारपीट की घटना के बाद कार चालक नंदीश ने डायल 112 पर फोन कर चेन, मोबाइल फोन और रुपये लूटे जाने की सूचना दी। लूट की खबर मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। हालांकि, प्रारंभिक जांच में कार और बाइक के बीच हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने की बात सामने आई है। पुलिस लूट की सूचना समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।
तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि धरमपुर बंबा के पास मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों के पांच युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

