वाराणसी में भीषण सड़क हादसा, चार दोस्तों की मौत; चार गंभीर
विंध्याचल धाम से दर्शन कर लौट रहे थे आठ दोस्त, ओवरब्रिज पर खड़ी स्कॉर्पियो में ट्रक ने मारी टक्कर; दो युवक पुल से नीचे गिरे
वाराणसी। प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी दोस्त विंध्याचल धाम में दर्शन करने के बाद वाराणसी लौट रहे थे। हादसा मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास ओवरब्रिज पर सुबह करीब छह बजे हुआ। यहां सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो में पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग उछलकर दूर जा गिरे, जबकि दो युवक पुल से नीचे गिर गए।
पुलिस के मुताबिक, आठों दोस्त स्कॉर्पियो से लौट रहे थे। ओवरब्रिज पर पहुंचने के बाद उन्होंने गाड़ी रोक दी और नीचे उतरकर खड़े हो गए। बताया जा रहा है कि कुछ युवक पुल की रेलिंग के पास खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
चार दोस्तों ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे में आनंद यादव (25), आलोक मिश्रा (30), प्रदीप सिंह (36) और विद्वांशु यादव (30) की मौत हो गई। वहीं, सावन यादव (26), किशन यादव (35), राजकुमार यादव (35) और निखिल (32) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्ष स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो युवक ओवरब्रिज से करीब 30 फीट नीचे जा गिरे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। तीन शव ओवरब्रिज पर, जबकि एक शव नीचे मिला। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जन्मदिन पर विंध्याचल दर्शन करने गए थे दोस्त

जानकारी के मुताबिक, निखिल के जन्मदिन के अवसर पर सभी दोस्त विंध्याचल धाम में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद दोस्तों ने साथ में तस्वीरें भी खिंचवाई थीं। बताया जा रहा है कि तस्वीर में सात दोस्त दिखाई दे रहे हैं, जबकि आठवां युवक फोटो खींच रहा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि वापस लौटते समय यह यात्रा चार दोस्तों की जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगी।
हादसे में जान गंवाने वाले प्रदीप सिंह चोलापुर के एकला गांव के निवासी थे और एक कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वह अपने पीछे पत्नी और एक बेटे को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
ट्रक छोड़कर चालक फरार
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
स्कॉर्पियो के अंदर से प्रसाद के डिब्बे, नारियल और चुनरी भी मिली है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि सभी युवक विंध्याचल धाम में दर्शन करने के बाद लौट रहे थे।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सांसद
हादसे में चार युवकों की मौत की सूचना मिलने पर चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इससे पहले सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ भी घटनास्थल पर पहुंचे।
सेल्फी लेने के दौरान हादसे की आशंका
मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाह के मुताबिक, आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला है कि कार सवार युवक ओवरब्रिज पर खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।


