‘पापा, एक दिन लोग कहेंगे पंचर वाले का बेटा देश की सेवा कर रहा है’, NDA की तैयारी कर रहे छात्र की मौत

‘पापा, एक दिन लोग कहेंगे पंचर वाले का बेटा देश की सेवा कर रहा है’, NDA की तैयारी कर रहे छात्र की मौत

कानपुर के काकादेव स्थित हॉस्टल में फंदे से लटका मिला 18 वर्षीय विपिन पाल का शव, पिता ने जताया संदेह; पुलिस कर रही जांच

कानपुर। काकादेव में रहकर नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय छात्र विपिन पाल की शनिवार देर रात हॉस्टल के कमरे में मौत हो गई। उसका शव कमरे में पंखे से गमछे के सहारे लटका मिला। साथी छात्रों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो हॉस्टल संचालक को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। काकादेव पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पिता ने घटना को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है।

पंचर की दुकान चलाकर बेटे को पढ़ा रहे थे पिता

फतेहपुर जिले के बिंदकी थाना क्षेत्र के सिलवान गांव निवासी जगराम पाल घर से कुछ दूरी पर पंचर की दुकान चलाते हैं। परिवार में पत्नी नीलम, बड़ी बेटी निकिता, बेटा विपिन और छोटा बेटा केतन है। जगराम ने बताया कि बेटी निकिता एलन हाउस से बीसीए कर रही है, जबकि छोटा बेटा केतन 11वीं में पढ़ता है।

विपिन पढ़ाई में होनहार था और सेना में अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहता था। बेटे के इसी सपने को पूरा करने के लिए पिता ने उसे अप्रैल में एनडीए की तैयारी के लिए कानपुर भेजा था। वह काकादेव स्थित ग्लोबल कोचिंग से तैयारी कर रहा था और हॉस्टल में रहता था।

पिता के मुताबिक, विपिन ने हाल ही में एनडीए की परीक्षा दी थी, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इस बात को लेकर वह कुछ दिनों तक उदास रहा। मां और बहन ने उसे समझाया कि तैयारी शुरू किए अभी केवल छह महीने हुए हैं। अगली बार और मेहनत करके परीक्षा पास कर सकता है। परिवार के समझाने के बाद विपिन सामान्य हो गया था और दोबारा पढ़ाई में जुट गया था।

आखिरी बार बहन से फोन पर की थी बात

जगराम पाल ने बताया कि शनिवार सुबह विपिन ने फोन करके पहले उनसे और फिर अपनी मां से बात की थी। इसके बाद उसने बहन निकिता से भी काफी देर तक पढ़ाई को लेकर बातचीत की। शाम करीब पांच बजे उसने बहन को आखिरी बार फोन किया था।

परिजनों के मुताबिक, बातचीत के दौरान विपिन ने परिवार के सभी सदस्यों का हालचाल पूछा। उसने कहा था कि अगले दिन दोपहर में फिर फोन करेगा। इसके बाद पढ़ाई करने की बात कहकर फोन रख दिया।

परिजनों का कहना है कि फोन पर हुई बातचीत के दौरान ऐसा कुछ महसूस नहीं हुआ, जिससे उन्हें लगे कि विपिन किसी गंभीर परेशानी से गुजर रहा है। देर रात करीब 11:30 बजे काकादेव पुलिस का फोन आया तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने विपिन की मौत की जानकारी दी। इसके बाद परिजन तत्काल फतेहपुर से कानपुर के लिए रवाना हो गए। रात करीब एक बजे हॉस्टल पहुंचने पर बेटे का शव देखकर मां, बहन और अन्य परिजन बिलख पड़े।

‘पापा, एक दिन लोग कहेंगे कि पंचर वाले का बेटा देश की सेवा कर रहा है’

पोस्टमार्टम हाउस में बेटे को याद कर पिता जगराम पाल अपने आंसू नहीं रोक सके। उन्होंने बताया कि विपिन का सपना सेना में जाकर देश की सेवा करना था। वह अक्सर उनसे कहता था, ‘पापा, मैं चाहता हूं कि एक दिन गांव के लोग आपको देखकर कहें कि पंचर वाले का बेटा आज देश की सेवा कर रहा है।’

बेटे के सपने को पूरा करने के लिए जगराम दिनभर पंचर की दुकान चलाकर परिवार का खर्च उठाने के साथ उसकी पढ़ाई का इंतजाम कर रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि विपिन एनडीए की परीक्षा पास करके सेना में अधिकारी बनेगा और परिवार का नाम रोशन करेगा। लेकिन बेटे की मौत से परिवार के सपने टूट गए।

जगराम ने दुखी मन से कहा कि देश की सेवा करने का जज्बा रखने वाला उनका बेटा आखिर किस परेशानी से गुजर रहा था, यह उन्हें समझ नहीं आ रहा। वह यह कहते हुए फफक पड़े। परिवार के सदस्य भी उसकी मौत से सदमे में हैं और समझ नहीं पा रहे कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसके चलते विपिन की जान चली गई।

हाईस्कूल में 90 और इंटरमीडिएट में मिले थे 85 प्रतिशत अंक

पिता ने बताया कि विपिन पढ़ाई में काफी तेज था। उसने हाईस्कूल की परीक्षा में 90 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 85 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। घर पर रहने के दौरान भी वह रोजाना पांच से छह घंटे पढ़ाई करता था। एनडीए की तैयारी के लिए कानपुर आने के बाद भी परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं।

जगराम के मुताबिक, बेटी निकिता और छोटा बेटा केतन भी पढ़ाई में अच्छे हैं। पूरा परिवार विपिन के भविष्य को लेकर बड़े सपने देख रहा था। उसकी मौत से परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हॉस्टल के कमरे में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि देर रात डायल-112 के माध्यम से छात्र की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तो छात्र का शव कमरे में पंखे से गमछे के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक, परिजन कोई आरोप लगाते हैं या तहरीर देते हैं तो उसके आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। छात्र की मौत के पीछे की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *