कानपुर-सागर हाईवे पर मवेशी को बचाने में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, बड़ा हादसा टला
बिधनू के खेरसा कस्बे के पास हुआ हादसा, चालक मामूली घायल
कानपुर नगर। बिधनू थाना क्षेत्र के कानपुर-सागर हाईवे पर खेरसा कस्बे के पास शनिवार भोर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले से टकराने के बाद पलट गई। बताया जा रहा है कि हाईवे पर अचानक आए मवेशी को बचाने के प्रयास में चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठा। हादसे में चालक मामूली रूप से घायल हो गया, जबकि बड़ा हादसा टल गया।
घायल चालक की पहचान कप्तान (45) पुत्र कल्लू निवासी ग्राम कैथा, थाना गजनेर, कानपुर देहात के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बिधनू पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिधनू पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के मुताबिक चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
हाइड्रा की मदद से हटवाई गई ट्रैक्टर-ट्रॉली
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया। थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायल चालक को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। उपचार के बाद चालक ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया और अपने घर चला गया।


