लखनऊ में 68,500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने मंत्री आवास घेरा
48 दिन से आंदोलन जारी, नियुक्ति की मांग पर अड़े अभ्यर्थी

लखनऊ । लखनऊ में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने नियुक्ति की मांग को लेकर शनिवार को जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के आवास का घेराव किया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने घंटी बजाकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश की और जमकर नारेबाजी की। नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थी पिछले 48 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह आवास के बाहर पहुंचे और अभ्यर्थियों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी बात सुनी और साथ देने का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि वह अभ्यर्थियों के साथ हैं और इस मामले पर चर्चा करेंगे। इसके बाद अभ्यर्थियों को नियुक्ति का समाधान निकलने की उम्मीद जगी।
आरक्षण का लाभ देकर नई सूची जारी करने की मांग
अभ्यर्थियों की मांग है कि वर्ष 2018 की सहायक शिक्षक भर्ती में उन्हें आरक्षण का लाभ दिया जाए। इसके साथ ही पांच प्रतिशत छूट के आधार पर चयन सूची में बदलाव करके नई सूची जारी की जाए, ताकि पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल सके।
छह साल से कर रहे संघर्ष, अब तक नियुक्ति नहीं
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले छह वर्षों से नियुक्ति के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिला है। इस मामले में मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री, सांसद और विधायकों तक अपनी गुहार लगा चुके हैं। इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। अब 48 दिनों से लगातार प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलने का इंतजार है।


