सीएसए के किसान मेले में आएंगे कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, 150 से अधिक स्टॉलों पर दिखेगी आधुनिक खेती की झलक

सीएसए के किसान मेले में आएंगे कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, 150 से अधिक स्टॉलों पर दिखेगी आधुनिक खेती की झलक

15 से 17 अक्टूबर तक होगा किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन, महिला किसानों को समर्पित रहेगा दूसरा दिन

कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में 15 से 17 अक्टूबर तक किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष मेले की थीम ‘सशक्त किसान, आत्मनिर्भर भारत’ रखी गई है। मेले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही करेंगे। आयोजन में 150 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, सरकारी योजनाओं और कृषि आधारित उद्योगों की जानकारी मिलेगी।

यह जानकारी मंगलवार को विश्वविद्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि किसान मेले का उद्देश्य किसानों को नई तकनीकों से जोड़ना, उनकी आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना है।

AI, मशीन लर्निंग और ड्रोन तकनीक रहेगी आकर्षण का केंद्र

कुलपति ने बताया कि इस बार किसान मेले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग और ड्रोन तकनीक का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों को अरहर और गन्ने जैसी फसलों में ड्रोन के माध्यम से उर्वरकों के छिड़काव की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही AI आधारित तकनीकों से सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के तरीकों से भी अवगत कराया जाएगा।

मेले में कृषि कल्याण योजनाओं के अलावा बागवानी, लैंडस्केपिंग, वानिकी और कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे।

सोलर ट्रैक्टर और आधुनिक थ्रेशर मशीन का होगा प्रदर्शन

किसान मेले में सौर ऊर्जा से संचालित ट्रैक्टर और थ्रेशर मशीन का प्रदर्शन भी किया जाएगा। किसानों को बताया जाएगा कि आधुनिक थ्रेशर मशीन धान के पुआल के बेहतर प्रबंधन में किस प्रकार सहायक हो सकती है।

छोटे किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए छोटे कृषि यंत्रों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा मशरूम की खेती, मोती उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसे कृषि आधारित व्यवसायों की जानकारी देकर किसानों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जाएगा।

महिला किसानों को समर्पित रहेगा दूसरा दिन

कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि किसान मेले का दूसरा दिन विशेष रूप से महिला किसानों के लिए निर्धारित किया गया है। इस दिन कार्यक्रम का उद्घाटन छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक करेंगे।

कार्यक्रम में चार महिला किसान भी मंच पर मौजूद रहेंगी, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से कृषि क्षेत्र में उद्यम स्थापित किए हैं। उनके अनुभवों के माध्यम से महिला किसानों को खेती और कृषि आधारित व्यवसायों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

किसानों को मिलेंगे रबी फसलों के बीज

किसान मेले में रबी की प्रमुख फसलों गेहूं, सरसों, जौ, मटर, चना और मसूर सहित अन्य फसलों के बीज भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए विश्वविद्यालय की ओर से 10 हजार से अधिक बीज पैकेट तैयार किए गए हैं। इनमें गेहूं, सरसों, सब्जी मटर और अन्य फसलों के बीज शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि इस आयोजन से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी मिलने के साथ ही नई कृषि पद्धतियों को अपनाने और अपनी आमदनी बढ़ाने के अवसर भी प्राप्त होंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान निदेशक प्रसार डॉ. वी.के. त्रिपाठी, निदेशक शोध डॉ. महक सिंह, अधिष्ठाता कृषि डॉ. कौशल कुमार, मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *