कल्याणपुर क्रॉसिंग पर बीच सड़क सवारी भरने से जाम
जीटी रोड पर लगी वाहनों की लंबी कतारें, IIT-मंधना जाने वाले छात्र परेशान
कानपुर। कल्याणपुर क्रॉसिंग पर सुबह के समय ऑटो और बस चालक बीच सड़क पर गाड़ियां खड़ी करके सवारी भरते हैं। इस वजह से यहां रोज भारी जाम लगता है। सुबह 8 से 11 बजे तक जीटी रोड पर वाहनों की लंबी लाइनें लग जाती हैं। इसी रास्ते से मंधना और आईआईटी जाने वाले हजारों छात्र, कोचिंग और नौकरीपेशा लोग गुजरते हैं। जाम में फंसने से छात्रों को देर होती है और यात्रियों का समय खराब होता है।
स्थानीय निवासी गोपीचंद ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस होने के बाद भी चालक मनमानी करते हैं। बीच सड़क पर ऑटो रोकने से बाइक और कार सवारों को निकलने में परेशानी होती है। कई बार एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती है। लोगों ने मांग की है कि सुबह के समय क्रॉसिंग पर सवारी भरने पर रोक लगाई जाए। ऑटो-बसों के लिए 100 मीटर दूर किनारे पर स्टॉप तय किया जाए और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो, ताकि जाम की समस्या खत्म हो सके।

