दो भाइयों की मौत के बाद सदमे में था विकास, दो मंजिला छत से लगाई छलांग
परिजनों का दावा—मृत भाई की आत्मा दिखाई देने की बात कहता था युवक, कई जगह कराया झाड़-फूंक; गंभीर हालत में हैलट अस्पताल में भर्ती
कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में शुक्रवार शाम एक युवक ने दो मंजिला मकान की छत से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय स्तर पर अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, युवक पिछले छह महीने से मानसिक रूप से परेशान था। इस दौरान उसके दो भाइयों की मौत हो गई थी। परिवार का दावा है कि इसके बाद से वह अपने मृत भाई की आत्मा दिखाई देने की बात कहने लगा था। परिजनों ने कई जगह इलाज कराने के साथ झाड़-फूंक भी कराई, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छह महीने के भीतर दो भाइयों की मौत से परेशान था विकास
वाजिदपुर गांव निवासी किसान रामशंकर कुमार के मुताबिक, उनके बेटे गोविंद कुमार की करीब छह महीने पहले घर में फांसी लगाने से मौत हो गई थी। इसके बाद दूसरे बेटे अमन कुमार की भी दो मंजिला छत से गिरने के कारण मौत हो गई। परिवार में लगातार हुई इन दो घटनाओं के बाद तीसरा बेटा विकास कुमार (27) परेशान रहने लगा था।
टेनरी से लौटने के बाद छत पर गया, फिर लगा दी छलांग
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को विकास रोजाना की तरह टेनरी में काम करने गया था। शाम को घर लौटने के बाद वह मकान की छत पर चला गया। कुछ देर बाद उसने अचानक दो मंजिला छत से छलांग लगा दी। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मृत भाई की आत्मा दिखाई देने की बात कहता था
विकास की बहन करिश्मा के मुताबिक, गोविंद की मौत के बाद से विकास अपने मृत भाई की आत्मा दिखाई देने की बात कहता था। परिवार का दावा है कि वह इस बात को लेकर काफी परेशान रहता था। उसकी परेशानी दूर करने के लिए परिजनों ने कई जगह इलाज कराया।
उन्नाव, हमीरपुर और बांदा तक कराई झाड़-फूंक
करिश्मा ने बताया कि परिवार पिछले छह महीने में उन्नाव, हमीरपुर और बांदा समेत कई जगह बाबाओं के पास गया और झाड़-फूंक भी कराई, लेकिन विकास की हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद शुक्रवार को हुई घटना से परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवक ने किन परिस्थितियों में छत से छलांग लगाई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

