सजेती में प्राचीन मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना, 100 साल पुरानी राधा-कृष्ण की अष्टधातु मूर्तियां चोरी

सजेती में प्राचीन मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना, 100 साल पुरानी राधा-कृष्ण की अष्टधातु मूर्तियां चोरी

मंदिर में सो रही थी बुजुर्ग महिला, भनक तक नहीं लगी; सुबह मूर्तियां गायब मिलने से मचा हड़कंप, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

कानपुर/घाटमपुर। कानपुर जिले के घाटमपुर क्षेत्र के सजेती थाना अंतर्गत मैधरी गांव में चोरों ने एक प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर को निशाना बनाया। अज्ञात चोर मंदिर के गर्भगृह में स्थापित करीब 100 वर्ष पुरानी राधा-कृष्ण की अष्टधातु की मूर्तियां चोरी कर ले गए। घटना के समय मंदिर में एक बुजुर्ग महिला सो रही थीं, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह मूर्तियां गायब मिलने की जानकारी होते ही परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पूर्वजों ने कराया था मंदिर का निर्माण

मैधरी गांव निवासी रामप्रकाश तिवारी पुत्र स्वर्गीय त्रिजुगी नारायण ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पूर्वजों ने गांव में राधा-कृष्ण मंदिर का निर्माण कराया था। मंदिर के गर्भगृह में राधा-कृष्ण की अष्टधातु की प्राचीन मूर्तियां स्थापित थीं। बीती रात अज्ञात चोर मंदिर में घुसे और दोनों मूर्तियां चोरी कर ले गए।

सुबह पांच बजे खुला चोरी का राज

रामप्रकाश तिवारी के मुताबिक, घटना के समय उनकी वृद्ध बहन मंदिर के अंदर सो रही थीं। रात में उन्हें किसी तरह की हलचल का पता नहीं चला। सुबह करीब पांच बजे जब उनकी नींद खुली तो मंदिर से राधा-कृष्ण की मूर्तियां गायब मिलीं। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास मूर्तियों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। करीब 100 वर्ष पुरानी मूर्तियों की चोरी से परिवार की धार्मिक आस्था को गहरी ठेस पहुंची है। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और चोरी गई मूर्तियों को बरामद करने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि मंदिर से मूर्तियां चोरी होने की सूचना मिली है। मामले की गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है। अज्ञात चोरों का पता लगाने के लिए गांव के आने-जाने वाले संपर्क मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात कही।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *