विधानसभा की कार्यप्रणाली से रूबरू हुआ चिकित्सकों का प्रतिनिधिमंडल
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने चिकित्सकों को बताए विधायी प्रक्रिया और डिजिटल नवाचार

कानपुर। माननीय विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना के आमंत्रण पर कानपुर आईएमए अध्यक्ष डॉ. अनुराग मल्होत्रा के नेतृत्व में चिकित्सकों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा का भ्रमण किया। इस दौरान चिकित्सकों को सदन की कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रिया और विधानसभा में किए गए तकनीकी एवं प्रशासनिक नवाचारों की जानकारी दी गई।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने प्रतिनिधिमंडल को विधानसभा की कार्यप्रणाली और विधायी प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने सदन में तकनीक और डिजिटल व्यवस्थाओं के इस्तेमाल से जुड़े विभिन्न नवाचारों की जानकारी भी दी। चिकित्सकों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली को करीब से समझने के साथ ही आधुनिक और पारदर्शी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विधानसभा की कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक, पारदर्शिता और नवाचार का समावेश लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कानपुर से गहरा जुड़ाव रखने वाले सतीश महाना के नेतृत्व में विधानसभा में किए जा रहे नवाचार प्रदेश की विधायी व्यवस्था को नई पहचान दे रहे हैं।
चिकित्सकों के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष के प्रति इस ज्ञानवर्धक अवसर और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने का यह अनुभव उनके लिए प्रेरणादायी और यादगार रहा।

