कानपुर बैराज का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर, खतरे के निशान से 77 सेमी नीचे

कानपुर बैराज का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर, खतरे के निशान से 77 सेमी नीचे

कानपुर। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार गिरावट का रुख बना हुआ है। बाढ़ नियंत्रण कार्यालय, एलजीसी कानपुर की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 114.230 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 113.820 मीटर दर्ज किया गया। बैराज से 3,62,559 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज हुआ है।
बैराज का चेतावनी स्तर 114.000 मीटर निर्धारित है, जबकि खतरे का निशान 115.000 मीटर है। इस तरह अपस्ट्रीम जलस्तर चेतावनी बिंदु से 23 सेंटीमीटर ऊपर, लेकिन खतरे के निशान से 77 सेंटीमीटर नीचे है। हालांकि रिपोर्ट में जलस्तर का ट्रेंड घटता हुआ (डिक्रीजिंग) दर्ज किया गया है, जिससे फिलहाल राहत के संकेत हैं।
शुक्लागंज में भी घट रहा जलस्तर
शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 112.790 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर है। रिपोर्ट के अनुसार शुक्लागंज में भी जलस्तर घटने का रुख बना हुआ है। चेतावनी स्तर से यह 21 सेंटीमीटर नीचे है।
हरिद्वार और नरौरा से भी घटा डिस्चार्ज
बाढ़ नियंत्रण कार्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक हरिद्वार बैराज से 28,409 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 46,443 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। दोनों स्थानों के डिस्चार्ज पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है।
जलस्तर में गिरावट के बावजूद कानपुर बैराज में पानी अभी चेतावनी स्तर से ऊपर बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग की ओर से गंगा के जलस्तर और बैराज से होने वाले डिस्चार्ज की लगातार निगरानी की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *