20 रुपये को लेकर पेट्रोल पंप पर विवाद, युवक से मारपीट

20 रुपये को लेकर पेट्रोल पंप पर विवाद, युवक से मारपीट

भैंसों की तलाश में निकले थे युवक, पेट्रोल कम डालने का आरोप; पेट्रोल पंप मालिक ने लूट के इरादे से आने का लगाया आरोप

कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम पेट्रोल के 20 रुपये को लेकर पेट्रोल पंप कर्मियों और बाइक सवार युवकों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट में एक युवक के होंठ पर गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने बिधनू थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

जानकारी के अनुसार मगरासा गांव निवासी नीरज पासवान के चाचा छोटे पासवान के घर के बाहर बंधी दो भैंसें रविवार को गायब हो गई थीं। भैंसों की तलाश में नीरज अपने साथी गुड्डू के साथ बाइक से हाइवे की ओर निकला था। इसी दौरान रास्ते में बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। नीरज माधव बाग बाजार के पास स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचा और बाइक में 50 रुपये का पेट्रोल डलवाने के लिए पंप कर्मी को 100 रुपये का नोट दिया।

नीरज का आरोप है कि पेट्रोल पंप कर्मियों ने उसकी बाइक में 30 रुपये का ही पेट्रोल डाला और 100 रुपये के नोट के बदले 50 रुपये वापस कर दिए। जब उसने पंप कर्मियों से बाकी 20 रुपये वापस मांगे तो इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि देखते ही देखते पंप कर्मियों ने नीरज और उसके साथी गुड्डू के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के मुताबिक मारपीट के दौरान उसके होंठ में गंभीर चोट आई। अचानक हुए विवाद से दोनों युवक घबरा गए और किसी तरह वहां से निकलकर बिधनू थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए पेट्रोल पंप कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में 20 रुपये को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है, जिसके बाद मारपीट हुई। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। साथ ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।

पेट्रोल पंप मालिक ने लगाया लूट के प्रयास का आरोप

वहीं इस मामले में पेट्रोल पंप मालिक विनय माधव खन्ना ने युवकों पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दोनों युवक पेट्रोल पंप पर लूट के इरादे से आए थे। पंप मालिक के अनुसार लूट से बचाव के प्रयास में स्टाफ और युवकों के बीच मारपीट हुई। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *