हमला हुआ, तो परमाणु बम से देंगे जवाब, एक घंटे के भीतर पुतिन की नाटो देशों को दूसरी चेतावनी, दुनियाभर में हडक़ंप
मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों खासकर नाटो देशों को सख्त चेतावनी दी है कि अगर बाल्टिक क्षेत्र में स्थित रूसी इलाके कलिनिनग्राद पर सीधे हमला होता है, तो मास्को परमाणु बम समेत अपने सभी किस्म के हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है। पुतिन ने एक घंटे के अंदर दूसरी बार ऐसी चेतावनी दी है। इससे दुनिया भर में हडक़ंप मच गया है कि क्या रूस यूक्रेन जंग में परमाणु बम का इस्तेमाल कर सकता है। दरअसल, पुतिन का यह बयान तब आया है, जब मॉस्को ने नाटो को एक राजनयिक चेतावनी भेजी है।
रूस का कहना है कि नाटो की तरफ से कलिनिनग्राद को अलग-थलग करने या उसकी घेराबंदी करने की धमकियां दी जा रही हैं। हालांकि, नाटो ने इस बात को खारिज कर दिया है कि वह रूसी इलाके के लिए खतरा है। नाटो ने मॉस्को की परमाणु हथियारों से जुड़ी बयानबाजी की भी आलोचना की है। यूक्रेन युद्ध के बीच रूस और नाटो के रिश्तों में पहले से ही तनाव है और इस नए घटनाक्रम ने इसे और बढ़ा दिया है। रूसी नेता ने कहा कि उनका किसी भी यूरोपीय देश पर हमला करने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन जरूरत पडऩे पर वे पश्चिमी देशों की आक्रामकता का जवाब देने के लिए तैयार हैं।
पीएम मोदी के पास यूक्रेन जंग खत्म करने का आइडिया
मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस-यूक्रेन संघर्ष को समाप्त कराने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा है कि श्री मोदी रूस के साथ भारत की घनिष्ठ मित्रता और उनके साथ अच्छे व्यक्तिगत संबंधों के बावजूद युद्ध समाप्त करने का मुद्दा तटस्थ तरीके से उठाते रहे हैं। श्री पुतिन ने कहा कि श्री मोदी के पास यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के विषय में कुछ -‘बहुत अच्छे सुझाव’ भी हैं। वह हर मुलाकात में युद्ध रोकने और शांति का रास्ता निकालने पर बात करते हैं। पीएम मोदी मेरे अच्छे दोस्त हैं, फिर भी वह लगातार यूक्रेन युद्ध खत्म करने की बात उठाते हैं। वह जल्द युद्ध खत्म करने के पक्ष में हैं।

