शराब के नशे में घर पहुंचा युवक, मां ने फटकारा तो कमरे में चला गया; सुबह फंदे से लटका मिला

शराब के नशे में घर पहुंचा युवक, मां ने फटकारा तो कमरे में चला गया; सुबह फंदे से लटका मिला

कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात शराब के नशे में घर पहुंचे युवक का मां से विवाद हो गया। मां ने शराब पीकर घर आने पर बेटे को फटकार लगाई और दोबारा शराब न पीने की बात कही। इससे नाराज होकर युवक दूसरे कमरे में चला गया। परिजनों को लगा कि वह सोने चला गया है। शनिवार तड़के मां कमरे में पहुंचीं तो बेटे का शव फंदे से लटका देखकर उनकी चीख निकल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शराब पीकर घर पहुंचा था आशीष
कल्याणपुर के गोबा गार्डन निवासी मुलायम सिंह यादव सीएसए में तैनात हैं। उनके बड़े भाई रामकिशोर की वर्ष 2024 में बीमारी के चलते मौत हो गई थी। रामकिशोर सीएसए के दलहन विभाग में तैनात थे। उनके परिवार में पत्नी निशा देवी और बेटा आशीष यादव (29) थे। वर्तमान में परिवार दलहन बीज विधान प्लॉट, सीएसए परिसर में रहता है।
चाचा मुलायम सिंह यादव ने बताया कि आशीष को शराब पीने की आदत थी। शुक्रवार देर रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा। घर आने के बाद किसी बात को लेकर उसकी मां निशा देवी से कहासुनी हो गई। मां ने शराब पीकर घर आने पर उसे फटकार लगाई और दोबारा शराब न पीने के लिए कहा।
मां की बात से नाराज होकर आशीष दूसरे कमरे में चला गया। परिजनों को लगा कि वह कमरे में जाकर सो गया है।
सुबह कमरे में पहुंची मां तो उड़ गए होश
शनिवार तड़के निशा देवी की नींद खुली तो वह बेटे को देखने के लिए उसके कमरे में गईं। कमरे के अंदर आशीष को फंदे से लटका देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाकर परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी दी।
आशीष को फंदे से लटका देखकर परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया और पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और कमरे की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने कमरे के अंदर और आसपास के स्थानों की भी जांच की। घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों को सुरक्षित किया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक शराब पीने का आदी था। शुक्रवार रात शराब के नशे में घर आने के बाद उसका मां से विवाद हुआ था। इसके बाद उसने फंदा लगाकर जान दे दी।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की ओर से कोई तहरीर या आरोप दिया जाता है तो उसकी भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *