टीईटी फार्म की गलती पर बवाल, कैफे संचालक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

टीईटी फार्म की गलती पर बवाल, कैफे संचालक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

कानपुर। चमनगंज निवासी अबूजर का रूपम चौराहे पर एबी नाम से कैफे है। गुरुवार रात TET आवेदन फार्म भरने के दौरान हुई गलती को लेकर कैफे संचालक और युवक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि युवक ने पहले गाली-गलौज कर धमकी दी और करीब आधे घंटे बाद क्षेत्र के एक हिस्ट्रीशीटर के साथ कैफे पहुंचकर साथियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। कैफे संचालक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने के साथ बीच-बचाव करने आए लोगों से भी मारपीट की गई। घटना के दौरान दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई।

अबूजर के मुताबिक गुरुवार रात करीब 10 बजे इमरान नाम का युवक TET आवेदन फार्म भरवाने कैफे पहुंचा था। फार्म भरने के बाद जब उसे प्रिंटआउट दिया गया तो उसमें मात्रा संबंधी गलती हो गई। अबूजर का कहना है कि उसने गलती स्वीकार करते हुए इमरान को बताया कि तत्काल फार्म में एडिट की प्रक्रिया नहीं हो सकेगी।

आरोप है कि यह सुनकर इमरान भड़क गया और कैफे संचालक के साथ बदतमीजी करते हुए गाली-गलौज करने लगा। उसने देख लेने की धमकी भी दी। अबूजर के मुताबिक करीब आधे घंटे बाद इमरान कुछ लोगों और क्षेत्र के एक हिस्ट्रीशीटर के साथ कैफे पहुंचा। आरोप है कि आते ही सभी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कैफे संचालक के साथ मारपीट करने लगे।

आरोप है कि हमलावरों ने अबूजर को कैफे के अंदर और बाहर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। उसे बचाने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद अबूजर की ओर से पहुंचे कुछ लोगों ने भी आरोपितों से हाथापाई शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडों और हाथापाई के बीच हंगामा खड़ा हो गया।

दरोगा के सामने मारपीट, गुंडई के चार वीडियो वायरल

घटना से जुड़े चार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। दो वीडियो में दबंगों की टोली कैफे में घुसकर संचालक और अन्य लोगों के साथ मारपीट करती नजर आ रही है। वहीं एक अन्य वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते दिखाई दे रहे हैं।

सबसे ज्यादा चर्चा 1 मिनट 16 सेकंड के वीडियो की है। इसमें पुलिसकर्मी के सामने ही दोनों पक्षों के लोग बेखौफ होकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दरोगा कुछ सेकंड तक मौके पर खड़ा दिखाई देता है। इसके बाद वह बीच-बचाव करता नजर आता है। घटना के दौरान रूपम चौराहे पर जाम लग गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दोनों पक्षों पर रिपोर्ट, चार आरोपी हिरासत में

एसीपी सीसामऊ आनंद कुमार ओझा ने बताया कि TET आवेदन फार्म में गलती को लेकर कैफे संचालक और दूसरे पक्ष के बीच मारपीट हुई है। एक पक्ष की ओर से अबूजर, तल्हा और उस्मान तथा दूसरे पक्ष से इमरान, मुद्दसिर समेत अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को भी संज्ञान में लिया गया है। वीडियो के आधार पर अबूजर, इमरान, मुद्दसिर और बिलाल को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच के साथ वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम की भी पड़ताल कर रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *