शादी-भंडारे के नाम पर टेंट हाउस से बर्तन बुक कर बेच दिए, 12 कारोबारियों से करीब 9 लाख की ठगी

शादी-भंडारे के नाम पर टेंट हाउस से बर्तन बुक कर बेच दिए, 12 कारोबारियों से करीब 9 लाख की ठगी

कानपुर। शादी और भंडारा कराने के नाम पर टेंट हाउस संचालकों से बर्तन बुक कराकर उन्हें बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने शहर के करीब एक दर्जन टेंट हाउस संचालकों से अलग-अलग तारीखों में भगौने, परात, कढ़ाई, ढक्कन समेत अन्य सामान लिया और बाद में उसे बेच दिया। पीड़ित कारोबारियों के मुताबिक, बेचे गए बर्तनों की कुल कीमत करीब नौ लाख रुपये है।
कई दिन तक बर्तन वापस नहीं लौटे तो टेंट हाउस संचालकों ने आरोपियों से संपर्क किया। आरोप है कि दोनों सामान लौटाने का भरोसा देकर लगातार टालमटोल करते रहे। इसके बाद पीड़ित कारोबारियों ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। अधिकारियों के निर्देश पर सीसामऊ और कोहना थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस उनकी पुरानी आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
भंडारे के नाम पर छह भगौने और अन्य सामान ले गए
जवाहर नगर निवासी विवेक निगम के मुताबिक, 9 सितंबर को सुमित पासवान और अमित लखवानी उनकी दुकान पर पहुंचे थे। दोनों ने भंडारा कराने की बात कहकर छह बड़े भगौने ढक्कन समेत, चार परात और एक कढ़ाई ली थी। तय समय बीतने के बाद भी जब सामान वापस नहीं आया तो विवेक ने दोनों से फोन पर संपर्क किया।
आरोप है कि दोनों कुछ दिन तक जल्द सामान लौटाने की बात कहते रहे, लेकिन बर्तन वापस नहीं किए। इसी दौरान विवेक को जानकारी हुई कि दोनों ने शहर के अन्य टेंट हाउस संचालकों से भी इसी तरह बर्तन लिए हैं।
अलग-अलग दुकानों से बड़ी मात्रा में लिए बर्तन
पीड़ित कारोबारियों के मुताबिक, अनूप किराया भंडार से चार भगौने, नौ ढक्कन और पांच परात लिए गए। नीरज टेंट हाउस से छह भगौने, छह ढक्कन और चार परात लिए जाने का आरोप है। वहीं शिव क्राकरी से तीन भगौने, पांच ढक्कन और पांच परात लिए गए।
कारोबारियों का कहना है कि आरोपियों ने अलग-अलग दुकानों से बर्तन लेने के लिए कभी शादी तो कभी भंडारे में इस्तेमाल की बात कही। बर्तन ले जाने के बाद उन्हें तय समय पर वापस नहीं किया गया।
आर्य नगर के व्यापारी से भी लिए बर्तन
आर्य नगर स्थित शुक्ला टेंट हाउस एंड कैटरर्स के मालिक मुकेश शुक्ला ने बताया कि 21 सितंबर को दोनों आरोपी उनकी दुकान पर आए थे। उन्होंने शादी में इस्तेमाल के लिए पांच भगौने, पांच परात, दो चम्मच और दो जग लिए थे।
मुकेश के मुताबिक, जब निर्धारित समय पर सामान वापस नहीं आया तो आरोपियों से संपर्क किया गया। आरोप है कि उन्होंने सामान वापस करने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में लगातार टालमटोल करते रहे।
करीब नौ लाख रुपये का बताया जा रहा सामान
पीड़ित टेंट हाउस संचालकों का आरोप है कि दोनों ने अलग-अलग दुकानों से लिए बर्तन बाजार में बेच दिए। कारोबारियों के अनुसार, सभी बर्तनों की कुल कीमत करीब नौ लाख रुपये है। सामान वापस मांगने पर भी आरोपी उसे लौटाने के बजाय लगातार समय मांगते रहे।
पूछताछ के बाद नोटिस देकर छोड़ा
सीसामऊ थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी नहीं होने के कारण आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और नोटिस देकर छोड़ दिया गया।
2021 में भी दर्ज हुआ था ठगी का मुकदमा
एडिशनल पुलिस कमिश्नर हेडक्वार्टर संकल्प शर्मा ने बताया कि करीब एक दर्जन टेंट हाउस संचालकों से शादी और भंडारे के नाम पर बर्तन लेकर उन्हें बेचने का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारियों की तहरीर पर सीसामऊ और कोहना थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ 2021 में भी ठगी का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस अब उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि और पुराने मामलों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कितने टेंट हाउस संचालकों से सामान लिया गया और उसे कहां बेचा गया।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *