नाली में मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का शव, मिर्गी के दौरे पड़ने की बात आई सामने
कानपुर। बाबूपुरवा थाना क्षेत्र में मंगलवार को जंगले वाली मस्जिद के पास लोको यार्ड की दीवार के निकट नाली में एक व्यक्ति का शव मिलने से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाली से बाहर निकलवाया और उसकी पहचान कराई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सफीकुर्रहमान (50) निवासी बेगमपुरवा के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि सफीकुर्रहमान को पहले से मिर्गी के दौरे आते थे। हालांकि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के साथ अन्य विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस के मुताबिक मौके पर फिलहाल कानून-व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या नहीं है।

