बारिश के बीच अचानक ढह गया मकान का अगला हिस्सा, परिवार ने भागकर बचाई जान

बारिश के बीच अचानक ढह गया मकान का अगला हिस्सा, परिवार ने भागकर बचाई जान

परास गांव में हादसा, पोस्ट ऑफिस के कमरे पर भी मंडरा रहा खतरा

घाटमपुर। परास गांव में बुधवार सुबह तेज बारिश के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब ईंट-गारे से बना एक कच्चे मकान का अगला हिस्सा अचानक धराशायी हो गया। मकान के अंदर परिवार के सदस्य मौजूद थे। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

परास निवासी उमेश अवस्थी अपने परिवार के साथ इसी मकान में रहते हैं। बताया गया कि मंगलवार को उनके छोटे भाई ब्रजेश अवस्थी कानपुर स्थित अपनी बहन के घर गए थे। बुधवार सुबह बारिश के दौरान अचानक मकान की आगे की दीवारें भरभराकर गिर गईं। मलबा सड़क की ओर जा गिरा, जिससे आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। मकान के एक हिस्से में पोस्ट ऑफिस का कमरा भी संचालित होता है। हादसे में यह कमरा फिलहाल सुरक्षित है, लेकिन लगातार हो रही बारिश के चलते इसकी दीवारों पर भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते क्षतिग्रस्त हिस्से को लेकर सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो पोस्ट ऑफिस का कमरा भी प्रभावित हो सकता है। मकान का अगला हिस्सा गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। बारिश के बीच सामान को सुरक्षित रखने और आशियाने की व्यवस्था को लेकर परिजन परेशान हैं।

नुकसान का होगा आकलन

मामले की जानकारी प्रशासन को दी गई। घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। लेखपाल क्षति का आकलन कर रिपोर्ट देंगे। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार दैवीय आपदा राहत कोष से सहायता दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *