2 अक्टूबर को यूपी में रिलीज होगी फ़िल्म ‘डियर हसबैंड’
पति-पत्नी के रिश्ते और बदलती सोच पर कटाक्ष करती है फिल्म
रिपोर्ट- मयंक मिश्रा

वर्ल्ड खबर एक्सप्रेस/कानपुर। फिल्म निर्माता और कानपुर निवासी रोहित राजावत की फिल्म ‘डियर हसबैंड’ की टीम सोमवार को शहर पहुंची। कल्याणपुर निवासी रोहित राजावत फिल्म के निर्माता हैं। शहर के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया। इस दौरान थिएटर अभिनेता बिश्वजीत मैती, अभिनेत्री पूर्णिमा शर्मा और निर्देशक धर्मेंद्र कुमार मौजूद रहे। फिल्म 2 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। इसके बाद महाराष्ट्र और बिहार में भी फिल्म को प्रदर्शित करने की तैयारी है। निर्माता रोहित राजावत ने बताया कि फिल्म की कहानी पति-पत्नी के रिश्ते और बदलती सामाजिक सोच के इर्द-गिर्द बुनी गई है। फिल्म में उन घटनाओं और मानसिकता पर भी कटाक्ष किया गया है, जिनमें पति को नुकसान पहुंचाने या उसकी हत्या की साजिश जैसी घटनाएं सामने आती हैं।
रोहित राजावत ने कहा कि फिल्म का उद्देश्य किसी वर्ग को निशाना बनाना नहीं, बल्कि पति-पत्नी के रिश्ते से जुड़े गंभीर विषयों को मनोरंजन के माध्यम से सामने रखना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगी और इसका संदेश लोगों तक पहुंचेगा। रोहित ने बताया कि वह कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं, इसलिए फिल्म के कई दृश्य और किरदार शहर से जुड़े हुए हैं। फिल्म में काम करने वाले अधिकांश कलाकार और तकनीकी टीम उत्तर प्रदेश से हैं। फिल्म की शूटिंग भी उत्तर प्रदेश में की गई है। गोंडा जिले के मनकापुर और टिकरी के जंगलों में फिल्म के कई हिस्सों की शूटिंग हुई है। निर्माता के मुताबिक, उत्तर प्रदेश से फिल्म के जुड़ाव के चलते इसे सबसे पहले प्रदेश के सिनेमाघरों में रिलीज किया जा रहा है।
उन्होंने करीब 12 वर्षों तक टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री में काम किया है। वह ‘क्राइम पेट्रोल’, ‘सावधान इंडिया’ और ‘सीआईडी’ जैसे कार्यक्रमों से जुड़े रहे हैं। इसके अलावा एंड टीवी, जी टीवी और सोनी टीवी के लिए भी काम किया। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2022 में वेब सीरीज ‘निशाचर’ का निर्माण किया। अब करीब तीन वर्ष के प्रयास के बाद उनकी फिल्म ‘डियर हसबैंड’ बड़े पर्दे पर रिलीज होने जा रही है।उन्होंने कहा छोटे शहर से मुंबई जाकर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाना आसान नहीं था।
उन्होंने दावा किया कि इंडस्ट्री में उनका कोई गॉडफादर नहीं था और अपनी टीम के साथ मिलकर उन्होंने फिल्म तैयार की, रिलीज की प्रक्रिया पूरी की और अब उसका प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने नए फिल्म निर्माताओं और कंटेंट क्रिएटर्स से कहा कि अच्छे आइडिया और जुनून के साथ कम बजट में भी फिल्म बनाई जा सकती है। फिल्म के बजट को लेकर रोहित राजावत ने दावा किया कि ‘डियर हसबैंड’ बेहद कम बजट में तैयार की गई है और यह बॉलीवुड में रिलीज होने वाली कम बजट की फिल्मों में शामिल है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पूरी टीम ने मेहनत और जुनून के साथ फिल्म तैयार की है।
एक्ट्रेस पूर्णिमा शर्मा बोलीं- कंटेंट ही फिल्म का हीरो

अभिनेत्री पूर्णिमा शर्मा ने बताया कि वह ‘गुलाबो सिताबो’ में आयुष्मान खुराना के साथ काम कर चुकी हैं। इसके अलावा वह ‘सिया’, ‘किलर अरेंज मैरिज’ और हाल में मैडॉक फिल्म्स की ‘भूल चूक माफ’ में भी नजर आई हैं। उन्होंने बताया कि ‘डियर हसबैंड’ की शूटिंग करीब दो साल पहले पूरी हो चुकी थी, लेकिन फिल्म की रिलीज में समय लगा। उनके मुताबिक इस दौरान फिल्म को और बेहतर तरीके से तैयार किया गया। हाल के वर्षों में दर्शकों ने यह दिखाया है कि फिल्म की सफलता में बड़े स्टार से ज्यादा कहानी और कंटेंट की भूमिका होती है। अच्छी कहानी होने पर दर्शक कम बजट की फिल्मों को भी पसंद करते हैं।
कम बजट की फिल्मों को मिली प्रेरणा
रोहित राजावत और पूर्णिमा शर्मा ने कहा कि हाल के समय में कंटेंट आधारित और कम बजट की फिल्मों को दर्शकों से मिली प्रतिक्रिया ने नए फिल्म निर्माताओं का उत्साह बढ़ाया है। रोहित राजावत ने कहा कि ऐसी फिल्मों से नए कंटेंट क्रिएटर्स को अपने विचारों पर काम करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए मिलने वाली सुविधाओं और शूटिंग लोकेशन की अनुमति प्रक्रिया की भी सराहना की।

