श्रद्धा और भक्ति के बीच अरैल घाट पर हुआ गणेश प्रतिमा का विसर्जन
अखिल भारतीय गौरी जन सेवा ट्रस्ट परिवार ने नाचते-गाते और अबीर-गुलाल उड़ाते हुए दी गणपति को विदाई
प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज में अखिल भारतीय गौरी जन सेवा ट्रस्ट परिवार की ओर से भगवान श्री गणेश के पावन विसर्जन समारोह का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। ट्रस्ट की अध्यक्ष आचार्य राजश्री मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा की प्रतिमा को लेकर अरैल घाट पहुंचकर विधि-विधान से विसर्जन किया।
विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धालु गणेश जी के जयकारे लगाते हुए नाचते-गाते चल रहे थे। भक्तों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर उत्साह और खुशी का इजहार किया। पूरे मार्ग में गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। अरैल घाट पहुंचने के बाद पूजा-अर्चना कर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का पवित्र जल में विसर्जन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट की अध्यक्ष आचार्य राजश्री मिश्रा ने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। उन्होंने सभी के सुख, शांति, समृद्धि और परिवारों की खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने भी गणपति बप्पा से सभी के जीवन से विघ्न दूर करने और सुख-समृद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की। कार्यक्रम में आचार्य राजश्री मिश्रा, लक्ष्मी मिश्रा, हेमंत मिश्रा, मीरा मिश्रा, ऋषभ शुक्ला, प्रीति मिश्रा, कुमार कार्तिकेय, दुर्गाधर मिश्रा, विनायक, आकाश, सुषमा, रीना, लवली समेत ट्रस्ट परिवार के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

