ग्रीनपार्क में इस सीजन भी होंगे रणजी मुकाबले, तीनों मैचों की मेजबानी की तैयारी
करीब 350 करोड़ रुपये के पुनर्विकास का काम शुरू होने में लगेगा समय, यूपीसीए ने तीनों घरेलू मैच कराने का लिया निर्णय
कानपुर। प्रदेश के एकमात्र टेस्ट सेंटर ग्रीनपार्क स्टेडियम में इस सत्र भी रणजी ट्रॉफी के मुकाबले खेले जाएंगे। ग्रीनपार्क के करीब 350 करोड़ रुपये से प्रस्तावित पुनर्विकास कार्य के शुरू होने में अभी तीन से चार महीने का समय लगने की संभावना है। ऐसे में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने इस सत्र के तीनों घरेलू रणजी मुकाबलों की मेजबानी ग्रीनपार्क को देने का निर्णय लगभग कर लिया है। इसकी आधिकारिक घोषणा जल्द होने की उम्मीद है।
प्रदेश सरकार ने 14 सितंबर को ग्रीनपार्क स्टेडियम की नई डिजाइन और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने के लिए आर्किटेक्चरल कंसल्टेंट नियुक्त करने का टेंडर जारी किया था। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद चयनित एजेंसी स्टेडियम का नए सिरे से डिजाइन तैयार करने के साथ डीपीआर बनाएगी। डीपीआर को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी।
जनवरी-फरवरी से पहले निर्माण शुरू होने की संभावना कम
जानकारों के अनुसार ग्रीनपार्क में वास्तविक निर्माण कार्य अगले वर्ष जनवरी-फरवरी से पहले शुरू होने की संभावना कम है। इसी वजह से इस सत्र में यहां रणजी मुकाबलों के आयोजन को लेकर स्थिति साफ हो गई है। यूपीसीए के एक अधिकारी के मुताबिक निर्माण कार्य शुरू होने में अभी पर्याप्त समय है, इसलिए प्रस्तावित रणजी मुकाबलों के आयोजन में फिलहाल कोई बाधा नहीं है।
यूपीसीए ने पिछले दिनों खेल विभाग से भी ग्रीनपार्क में प्रस्तावित निर्माण कार्य शुरू होने की स्थिति की जानकारी मांगी थी। निर्माण प्रक्रिया में समय लगने की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ग्रीनपार्क में रणजी मैचों की मेजबानी का रास्ता साफ हुआ है।
पहले चरण में दो मुकाबले
रणजी ट्रॉफी के पहले चरण में ग्रीनपार्क को उत्तर प्रदेश के दो घरेलू मुकाबले मिले हैं। पहला मुकाबला उत्तर प्रदेश और गोवा के बीच 18 से 21 अक्टूबर तक प्रस्तावित है। इसके बाद उत्तर प्रदेश और वडोदरा के बीच दो से पांच नवंबर तक मुकाबला खेला जाएगा।
दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच 24 से 27 जनवरी तक मुकाबला प्रस्तावित है। इस तरह इस सत्र में ग्रीनपार्क में उत्तर प्रदेश के तीन रणजी घरेलू मुकाबले खेले जाने की तैयारी है।
पुनर्विकास के बाद बदलेगा ग्रीनपार्क का स्वरूप
करीब 350 करोड़ रुपये की पुनर्विकास योजना के तहत ग्रीनपार्क स्टेडियम का व्यापक कायाकल्प प्रस्तावित है। नई डिजाइन और डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना के अगले चरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। फिलहाल निर्माण शुरू होने में समय लगने के कारण क्रिकेट प्रेमियों को इस सत्र ग्रीनपार्क में रणजी मुकाबले देखने का अवसर मिलने की संभावना है।

