दशहरा मेले को लेकर कानपुर में शाम 5 बजे लागू होग़ा ट्रैफिक डायवर्जन
रामलीला परेड में रावण वध कार्यक्रम के दौरान कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रहेगी प्रतिबंधित, छह स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
कानपुर। रामलीला परेड में 20 अक्टूबर को रावण वध एवं दशहरा मेले के आयोजन को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। कार्यक्रम के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए शाम पांच बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान परेड और कारसेट की ओर जाने वाले कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से अपने गंतव्य तक जाना होगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी लेकर चलें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
1. लालइमली चौराहा: यहां से कोई भी वाहन कारसेट परेड की ओर नहीं जा सकेगा। वाहन सिल्वर्टन तिराहा होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे।
2. एमजी कॉलेज चौराहा: यहां से कारसेट और नवीन मार्केट की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन सिल्वर्टन तिराहा और ग्रीन पार्क चौराहा होकर निकल सकेंगे।
3. बड़ा चौराहा: यहां से परेड की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। वाहन मेस्टन रोड और मूलगंज चौराहा होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे।
4. चेतना चौराहा: यहां से बड़ा चौराहा की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन व्यायामशाला और मेघदूत तिराहा होकर जा सकेंगे।
5. मेघदूत तिराहा: यहां से बड़ा चौराहा की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। वाहन वीआईपी रोड और सरसैया घाट होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
6. यतीमखाना चौराहा: यहां से परेड की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन लालइमली चौराहा होकर निकल सकेंगे।
7. म्योरमिल की ओर से: कारसेट की तरफ वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहन एमजी कॉलेज चौराहा या भार्गव हॉस्पिटल की ओर से जा सकेंगे।
8. लैंडमार्क तिराहा: यहां से परेड की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। वाहन बड़ा चौराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
9. गिलिस बाजार चौराहा और कोतवाली: यहां से परेड की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन बड़ा चौराहा या मूलगंज चौराहा होकर निकल सकेंगे।
10. मूलगंज चौराहा: यहां से सद्भावना चौराहा की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। वाहन बड़ा चौराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
यहां होगी पार्किंग की व्यवस्था
दशहरा मेले में आने वाले लोगों के वाहनों को खड़ा करने के लिए यातायात पुलिस ने छह स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की है।
- क्रिस्टल पार्किंग, परेड चौराहा
- चेतना चौराहा से सरसैया घाट चौराहा के बीच
- नगर निगम इंटर कॉलेज के पास
- एमजी कॉलेज चौराहे के पास खाली मिल की जमीन पर
- उर्सला अस्पताल रोड के किनारे
- जीआईसी कॉलेज पार्किंग
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और अपने वाहन केवल तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। इससे दशहरा मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।


