कंपनी बाग चौराहे पर लीकेज से अटका सड़क निर्माण, जल निगम को तीन दिन का अल्टीमेटम

कंपनी बाग चौराहे पर लीकेज से अटका सड़क निर्माण, जल निगम को तीन दिन का अल्टीमेटम

नगर आयुक्त और सीडीओ के निरीक्षण में मिलीं खामियां, कल्याणपुर में अस्पताल के पास कूड़े का ढेर देख जताई नाराजगी

कानपुर। शहर में बदहाल सड़कों और सफाई व्यवस्था को लेकर सोमवार रात नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और सीडीओ अभिनव जे. जैन ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कंपनी बाग चौराहे पर जल निगम की पाइपलाइन में लीकेज के कारण सड़क निर्माण का काम अटका मिला। वहीं, कल्याणपुर में अभिषेक हॉस्पिटल के पास कूड़े का ढेर लगा था। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

लीकेज ठीक करने के लिए तीन दिन की मोहलत

रात करीब 11 बजे कंपनी बाग चौराहे के निरीक्षण के दौरान सड़क क्षतिग्रस्त मिली। अधिकारियों ने बताया कि जल निगम की पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण सड़क निर्माण नहीं हो पा रहा है। इस पर नगर आयुक्त और सीडीओ ने जल निगम के अधिकारियों को तीन दिन के भीतर लीकेज ठीक कराने और सड़क की मरम्मत शुरू कराने के निर्देश दिए।

कंपनी बाग चौराहे से मेट्रो डिपो तक पाइपलाइन बिछाने का काम भी अधूरा मिला। जल निगम ने इसे अगले 15 दिन में पूरा करने का आश्वासन दिया। पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद मेट्रो विभाग सड़क की मरम्मत कराएगा। वहीं, मेट्रो डिपो से रावतपुर चौराहे तक सड़क निर्माण की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी की है।

21 अक्टूबर को होगी संयुक्त बैठक

सड़क निर्माण में देरी और विभागों के बीच समन्वय की कमी पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। समस्या के समाधान के लिए 21 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जल निगम, पीडब्ल्यूडी और मेट्रो विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाई गई है। इसमें सभी विभागों को काम की स्थिति, बाधाओं और समाधान की कार्ययोजना प्रस्तुत करनी होगी। अधिकारियों को कंपनी बाग से रावतपुर चौराहे तक सड़क निर्माण और मरम्मत का काम 15 दिन में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

 बगिया क्रॉसिंग पर सफाई के निर्देश

बगिया क्रॉसिंग के पास सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे ढलाई कार्य का भी निरीक्षण किया गया। निर्माण कार्य जारी मिला, लेकिन आसपास निर्माण सामग्री और कूड़ा पड़ा होने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। जोनल स्वच्छता अधिकारी को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य मार्ग के बीच स्थित ग्रीन बेल्ट का सौंदर्यीकरण कराने और वहां मजबूत व सुरक्षित लाइटें लगाने को भी कहा गया।

अस्पताल के पास कूड़ा देख जताई नाराजगी

कल्याणपुर में अभिषेक हॉस्पिटल के पास बड़ी मात्रा में कूड़ा पड़ा मिला। नगर आयुक्त ने जोनल स्वच्छता अधिकारी को कूड़ा उठवाने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को निर्धारित समय में काम पूरा कराना होगा, ताकि शहरवासियों को बेहतर सड़कें और स्वच्छ वातावरण मिल सके।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *