कानपुर के समग्र विकास की समीक्षा, दीपावली से पहले सड़कें और स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त करने के निर्देश

कानपुर के समग्र विकास की समीक्षा, दीपावली से पहले सड़कें और स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त करने के निर्देश

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में हुई बैठक, रिंग रोड समेत कई विकास परियोजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा

कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में कानपुर नगर के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की आधारभूत सुविधाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं, औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं और विभिन्न विभागों में लंबित मामलों पर चर्चा की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

दीपावली से पहले दुरुस्त होंगी सड़कें और स्ट्रीट लाइटें

दीपावली को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने नगर निगम को शहर की प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार से पहले सभी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया जाए, ताकि शहर के प्रत्येक प्रकाश बिंदु पर पर्याप्त रोशनी रहे। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत भी दीपावली से पहले गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी कराने को कहा।

पटाखा बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी को निर्धारित स्थलों का निरीक्षण करने तथा अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

रिंग रोड के निर्माण में अलग-अलग प्रगति

बैठक में कानपुर रिंग रोड परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का निर्माण पांच पैकेजों में कराया जा रहा है। इनमें पैकेज-1 का 64 प्रतिशत, पैकेज-2ए का 50 प्रतिशत, पैकेज-2बी का 21 प्रतिशत, पैकेज-3 का 37 प्रतिशत और पैकेज-4 का 42 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। विधानसभा अध्यक्ष ने शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही मेट्रो निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों, नालों, सीवर लाइनों और पाइपलाइनों की शीघ्र मरम्मत कराने को कहा, जिससे नागरिकों को होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।

पुल और अन्य परियोजनाओं की भी हुई समीक्षा

एलिमको के पास निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि इसका फाउंडेशन कार्य पूरा हो चुका है और शेष निर्माण जारी है। वहीं, धोबी घाट–रानी घाट से ट्रांस गंगा सिटी तक प्रस्तावित पुल से प्रभावित एवं विस्थापित होने वाले परिवारों को जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

सेतु निगम की परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान सरैया क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का काम इसी महीने शुरू होने की संभावना जताई गई। बैठक में डोमनपुर–गढ़ेवा पुल, एलिवेटेड कॉरिडोर, मेगा लेदर क्लस्टर, सैबसी झील संरक्षण, सचौली पुल और सराय मीता में शुद्ध पेयजल आपूर्ति से जुड़ी परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई।

लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर

कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की आवासीय कॉलोनियों से संबंधित समस्याओं की समीक्षा करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने लंबित प्रकरणों का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने तीन कॉलोनियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी दी। विद्युत विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। सब स्टेशन का निर्माण होने के बावजूद आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बनी समस्याओं के समाधान के लिए दोनों विभागों को मिलकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। रूमा औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार और राहुल बच्चा सोनकर, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई तथा जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक स्वप्निल वरुण सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, केस्को प्रबंध निदेशक नेहा जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *