अमिताभ के घर फायरिंग की प्लानिंग, 2 शूटर अरेस्ट

अमिताभ के घर फायरिंग की प्लानिंग, 2 शूटर अरेस्ट

एक्टर पर सिख विरोधी बयान देने का आरोप; धमकी के बाद बुलेटप्रूफ ग्लास में दिखे थे

अमृतसर। 23 अक्टूबर को धमकी मिलने के बाद अमिताभ बच्चन बुलेटप्रूफ केबिन में देखे गए थे। अमिताभ बच्चन के घर फायरिंग करने की प्लानिंग के आरोप में दिल्ली पुलिस ने दो शॉर्पशूटर्स को अरेस्ट किया है। इनमें जालंधर का रहने वाला विकास ठाकुर और तरनतारन का निवासी दीपक सिंह शामिल हैं। दोनों विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के लिए काम करते हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गैंगस्टर 1984 के सिख दंगों पर अमिताभ के कथित बयान को लेकर उन्हें निशाना बनाना चाहता था। हालांकि, अमिताभ ने ऐसा कोई बयान देने से इनकार किया है। पुलिस के मुताबिक, विकास दिल्ली के एक कारोबारी पर रंगदारी के लिए फायरिंग करने आया था। वहीं, दीपक 3 अक्टूबर को अमृतसर में इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांटेड था।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई पुलिस की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई पुलिस की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

1. अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग करनी थी

दीपक सिंह अमृतसर में 3 अक्टूबर को हुई इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांटेड था। इस मामले में उसके साथ शामिल पलविंदर सिंह उर्फ काका को पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस पूछताछ में पता चला कि दीपक को मुंबई में ज्यादा समय तक रुकने के लिए कहा गया था। उसे अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग करनी थी।

पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टर 1984 के सिख विरोधी दंगों पर अमिताभ के कथित बयान को लेकर उन्हें निशाना बनाना चाहता था। हालांकि, अमिताभ ने ऐसा कोई बयान देने से इनकार किया है।

2. दिल्ली के कारोबारी पर फायरिंग करनी थी

दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर नारा चैतन्य के मुताबिक, विकास ठाकुर जालंधर के न्यू गांधी नगर का रहने वाला है। उसे मुंबई से दिल्ली भेजा गया था। यहां उसे एक कारोबारी से रंगदारी मांगने के लिए उसके ऊपर फायरिंग करनी थी।

इस हमले में दीपक सिंह को भी शामिल होना था, लेकिन पुलिस ने वारदात से पहले ही विकास को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मुंबई में कार्रवाई कर दीपक को भी पकड़ लिया।

अमिताभ पर आरोप लगे थे- दंगों में भीड़ को उकसाया था

कुछ सिख संगठनों और 1984 के दंगों की गवाह जगदीश कौर ने आरोप लगाया था कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल के बाहर अमिताभ बच्चन ने भीड़ को उकसाया था।

शिकायतकर्ताओं का दावा था कि अमिताभ ने दूरदर्शन के लाइव प्रसारण के दौरान हाथ उठाकर ‘खून का बदला खून’ और ‘खून के छींटे सिखों के घरों तक पहुंचने चाहिए’ जैसे नारे लगाए थे। हालांकि, इस कथित प्रसारण का कोई आधिकारिक वीडियो अब तक सार्वजनिक नहीं हुआ है।

2014 में अमेरिकी कोर्ट का समन आया

अक्टूबर 2014 में सिख्स फॉर जस्टिस ने लॉस एंजिल्स की एक संघीय अदालत में अमिताभ के इस कथित बयान को लेकर उनके खिलाफ दीवानी मुकदमा दायर किया था, जिसका बच्चन ने कानूनी रूप से खंडन किया।

इसके अलावा, भारत की किसी भी जांच एजेंसी ने 1984 के दंगों में अमिताभ बच्चन को कभी आरोपी नहीं बनाया और न ही उनके खिलाफ कोई सबूत पाया गया।

अमिताभ बच्चन का बंगला उड़ाने की धमकी, दो ईमेल आए

अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल 6 नवंबर को मिला था। इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को एक धमकी भरा ई-मेल आया था। इसमें भी बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की बात लिखी गई थी।

‘दिलजीत ने अमिताभ के पैर छुए, इसलिए उसे भी मारेंगे’

23 अक्टूबर को किए ईमेल में 1984 के सिख-विरोधी दंगों का भी जिक्र है। इसमें कहा गया था- ‘दिलजीत ने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे, इसलिए उस पर हमला किया जाएगा। 27 नवंबर को दिलजीत को महालक्ष्मी रेस कोर्स में आत्मघाती हमले में मारना है।’

धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस, पुलिस की डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की टीमें बीएमसी मुख्यालय पहुंचीं। मेयर और डिप्टी मेयर कार्यालय सहित विभिन्न चैंबर्स की भी तलाशी ली।

18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग हुई थी

मुंबई में 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना हुई। टाइगर फुटबॉल खेलने के बाद जुहू इलाके से निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं। इस घटना में टाइगर को गोली नहीं लगी, लेकिन उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए थे। इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *