कंटेनर में टकराने के बाद लोडर में लगी आग, जिंदा जला परिचालक
बिल्हौर में कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर हादसा, चालक ने कूदकर बचाई जान; 10 इलेक्ट्रिक बाइक भी जलीं

कानपुर। बिल्हौर में कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार तड़के कंटेनर में पीछे से टकराने के बाद लोडर में आग लग गई। हादसे के दौरान लोडर की खिड़की नहीं खुलने से परिचालक अंदर फंस गया। आग की चपेट में आने से उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक ने लोडर से कूदकर अपनी जान बचा ली। लोडर में लदी 10 इलेक्ट्रिक बाइक भी जल गईं। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर निवासी श्याम यादव लोडर चलाते हैं। शुक्रवार रात वह परिचालक सत्यभान के साथ कानपुर से 10 इलेक्ट्रिक बाइक लादकर फर्रुखाबाद जा रहे थे। शनिवार तड़के करीब चार बजे अरौल थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के अंडरपास के नीचे कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर चालक को झपकी आ गई। इससे तेज रफ्तार लोडर आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से टकरा गया। टक्कर के बाद लोडर में आग लग गई और कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं।
खिड़की नहीं खुलने से अंदर फंसा रहा परिचालक
अचानक आग लगने पर चालक श्याम यादव किसी तरह लोडर से कूदकर बाहर निकल आया। इससे उसकी जान बच गई, लेकिन परिचालक सत्यभान की तरफ की खिड़की नहीं खुल सकी। वह अंदर ही फंसा रह गया। आग तेजी से फैलने के कारण उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते आग ने पूरे लोडर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में परिचालक की जलकर मौत हो गई। वाहन में लदी इलेक्ट्रिक बाइक भी आग से जल गईं।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
हादसे की सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। परिचालक की मौत से उसके परिवार में मातम छा गया।


