इमरान खान भारत छोड़ने के नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे

इमरान खान भारत छोड़ने के नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे

नोटिस को गैरकानूनी बताया; राज ठाकरे से मिलने पहुंचे आमिर खान

मुंबई के फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) ने शनिवार को उन्हें दूसरा नोटिस भी भेजा। इसमें पूछा गया है कि उनका ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड क्यों न रद्द किया जाए। इमरान को जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। पहले नोटिस में उन्हें 28 अक्टूबर से पहले भारत छोड़ने को कहा गया था। इमरान खान के पास अमेरिकी नागरिकता है और वह ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया कार्ड के जरिए भारत में रहते हैं। आमिर खान के भांजे इमरान खान ने भारत छोड़ने के नोटिस को शनिवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी। उन्होंने इसे मनमाना, गैरकानूनी और असंवैधानिक बताया है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, इमरान ने अपने वकील जुल्फिकार मेमन और MZM लीगल के जरिए याचिका दायर की। याचिका में कहा गया कि मौजूदा कानून या नियमों में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है, जो OCI कार्डधारक को शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने से रोकता हो। इमरान की ओर से कहा गया कि पुलिस ने नोटिस जारी करते समय कोई वजह नहीं बताई और न ही इसके समर्थन में दस्तावेज दिए। उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका भी नहीं मिला। याचिका में 10 अक्टूबर को पुलिस हिरासत में लिए जाने को भी गलत बताया गया है।

इमरान ने कहा कि नोटिस से संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ कार्रवाई एक राजनीतिक दल के नेता की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के बाद हुई। याचिका में सवाल उठाया गया कि उचित कानूनी प्रक्रिया और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन क्यों नहीं किया गया। इमरान ने नोटिस जारी करने का आधार भी जानना चाहा है। इस मामले में चीफ जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत सेठना की बेंच के सामने जल्द सुनवाई की मांग की जा सकती है।

नोटिस के बीच राज ठाकरे से मिले आमिर खान

इसी बीच इमरान खान के मामा आमिर खान ने रविवार को मुंबई स्थित महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना अध्यक्ष राज ठाकरे से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों के बीच हुई इस मुलाकात की वजह सामने नहीं आ सकी है। हालांकि आमिर खान और राज ठाकरे की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब उनके भांजे और अभिनेता इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है।

10 अक्टूबर को प्रदर्शन में पहुंचे थे इमरान

इमरान खान ने 10 अक्टूबर को मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। अगस्त क्रांति मैदान से पहले बैरिकेड पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया था। इसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। इमरान ने कहा कि बाद में उन्हें मीडिया से पता चला कि मामले में उनका नाम FIR में दर्ज है। उनकी लीगल टीम ने पुलिस से इलाके के CCTV फुटेज देने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह प्रदर्शन में शामिल थे या नहीं। उनके वकील ने बताया कि इमरान उस दिन नाना चौक से गुजर रहे थे। रास्ता बंद होने और मीडियाकर्मियों के सवाल पूछने पर उन्होंने बयान दिया था। हिरासत में लिए जाने से पहले इमरान ने कहा था कि वह एक शहरवासी के तौर पर वहां की पाबंदियों और लोगों की दबती आवाज को देखने आए थे।

किरीट सोमैया की शिकायत से शुरू हुआ पूरा विवाद

इस पूरे मामले की शुरुआत बीजेपी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया की शिकायत के बाद हुई थी। सोमैया ने मुंबई पुलिस और एफआरआरओ को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि अमेरिकी नागरिक होने के नाते इमरान खान का राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल होना OCI नियमों और वीजा शर्तों का सीधा उल्लंघन है। किरीट सोमैया महाराष्ट्र भाजपा के उपाध्यक्ष हैं। वह मुंबई उत्तर-पूर्व लोकसभा क्षेत्र से 13वीं और 16वीं लोकसभा के सांसद (MP) रह चुके हैं। नागरिकता कानून के मुताबिक, ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्डधारकों को भारत में रहने और आने-जाने की सुविधा मिलती है, लेकिन उन्हें भारत में कोई राजनीतिक अधिकार या आंदोलन में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं होती। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने के कारण ही यह पूरी कानूनी कार्रवाई शुरू हुई है।

इमरान की कमबैक फिल्म की रिलीज पर असर

इमरान खान की कमबैक फिल्म ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ की रिलीज और प्रमोशन पर असर पड़ सकता है। फिल्म को दिसंबर में नेटफ्लिक्स पर रिलीज करने की योजना थी। इमरान दिवाली के बाद इसका प्रमोशन शुरू करने वाले थे, लेकिन मौजूदा हालात के कारण योजना पर सवाल खड़े हो गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की टीम स्थिति साफ होने तक प्रमोशन शुरू नहीं करना चाहती। हालांकि, फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट अब तक सामने नहीं आई है। इमरान आखिरी बार 2015 में आई फिल्म ‘कट्टी बट्टी’ में नजर आए थे। करीब 11 साल बाद वह भूमि पेडनेकर के साथ फिल्म ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ से वापसी करने वाले हैं।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *