कानपुर में सिक्योरिटी गार्ड पर गिरा चार क्विंटल का गेट, दबकर मौत

कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात फ्लैट का गेट बंद करते समय करीब चार क्विंटल वजनी लोहे का गेट सिक्योरिटी गार्ड के ऊपर गिर पड़ा। गेट के नीचे दबने से गार्ड की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि गेट पिछले 10 दिनों से खराब था और शिकायत के बावजूद उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गेट बंद करते समय हुआ हादसा

पनकी की शिवनगर डूडा कॉलोनी निवासी विक्रम सिंह (50) सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे। परिवार में पत्नी सोनी सिंह, तीन बेटियां पूजा, संगीता और अंकिता तथा बेटा दीपक सिंह हैं। दीपक के मुताबिक, उनके पिता करीब तीन महीने पहले पनकी के बी-ब्लॉक स्थित एक फ्लैट में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने लगे थे।

शुक्रवार रात वह नाइट ड्यूटी पर थे। रात करीब 1:30 बजे फ्लैट में रहने वाला एक युवक कार लेकर पहुंचा। विक्रम ने गेट खोलकर उसे अंदर जाने दिया। इसके बाद वह गेट बंद करने लगे, लेकिन उसमें परेशानी हो रही थी। गेट को धक्का देकर दोबारा खोलने की कोशिश के दौरान भारी लोहे का गेट उनके ऊपर गिर पड़ा। वह उसके नीचे दब गए और काफी देर तक मदद के लिए चीखते रहे।

सुबह अस्पताल पहुंचे परिजन, तब तक हो चुकी थी मौत

परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद उन्हें काफी देर से सूचना दी गई। शनिवार सुबह करीब पांच बजे परिवार को विक्रम के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली। परिजन अस्पताल पहुंचे तो उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शनिवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

10 दिन से खराब था गेट, मरम्मत नहीं कराने का आरोप

बेटे दीपक ने आरोप लगाया कि गेट पिछले 10 दिनों से ठीक से काम नहीं कर रहा था। इस संबंध में फ्लैट संचालक से कई बार शिकायत की गई, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। परिजनों का कहना है कि समय रहते गेट ठीक करा दिया जाता तो हादसा टल सकता था। उन्होंने फ्लैट संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

दीपक ने यह भी बताया कि गुरुवार को नाइट ड्यूटी के दौरान उनके पिता का मोबाइल चोरी हो गया था। इसकी शिकायत फ्लैट संचालक से करने पर उन्हें जल्द नया मोबाइल दिलाने का आश्वासन दिया गया था। पनकी थाना प्रभारी अंकित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *