ई-चालान एप अपडेट, अब पीछे बैठे बिना हेलमेट सवारी पर भी कार्रवाई
पांच दिन बाद सोमवार से फिर शुरू हुई चालान की कार्रवाई, नशे में वाहन चलाने वालों पर भी कसेगा शिकंजा
कानपुर। परिवहन विभाग के ई-चालान एप्लीकेशन का नया वर्जन ‘नेक्स्ट जेन 2.0’ अपडेट होने के बाद सोमवार से चालान की कार्रवाई फिर शुरू हो गई। नए एप्लीकेशन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कई नए विकल्प जोड़े गए हैं। अब दोपहिया वाहन की पिछली सीट पर बिना हेलमेट बैठी सवारी का भी चालान किया जा सकेगा। इसके साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भी एप में अलग विकल्प दिया गया है।
इससे बाइक और स्कूटी पर पीछे बैठकर बिना हेलमेट सफर करने वालों पर भी परिवहन विभाग की नजर रहेगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर मौके पर ही चालान की कार्रवाई की जा सकेगी।
पांच दिन तक बंद रही थी चालान की कार्रवाई
ई-चालान एप्लीकेशन के अपडेशन के चलते परिवहन विभाग की चालान कार्रवाई करीब पांच दिनों तक बंद रही। 23 सितंबर से एप्लीकेशन में काम चलने के कारण किसी वाहन का ई-चालान नहीं किया जा सका। सोमवार को नया वर्जन अपडेट होने के बाद कार्रवाई दोबारा शुरू की गई।
परिवहन विभाग के यात्री कर अधिकारी दीपक सिंह ने बताया कि ई-चालान एप्लीकेशन का अपडेशन पूरा हो गया है। सोमवार को नए एप्लीकेशन के जरिए करीब 150 वाहनों के चालान किए गए। हालांकि नए वर्जन में अभी कुछ तकनीकी कठिनाइयां सामने आ रही हैं। पुराने सर्वर का डेटा भी अभी पूरी तरह अपलोड नहीं हो पाया है।
वाट्सएप पर आएगा चालान, क्यूआर कोड से जमा होगा जुर्माना
नए एप्लीकेशन में वाहन स्वामियों के लिए चालान का भुगतान भी आसान किया गया है। चालान होने के बाद वाहन स्वामी के वाट्सएप पर चालान के साथ क्यूआर कोड भेजा जाएगा। वाहन स्वामी इस क्यूआर कोड के माध्यम से घर बैठे जुर्माना राशि जमा कर सकेंगे। इसके लिए सरकारी कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी।
ट्रैफिक पुलिस में शनिवार से चालान बंद
परिवहन विभाग के साथ ही यातायात पुलिस के ई-चालान सिस्टम में भी अपडेशन का काम चल रहा है। एसीपी ट्रैफिक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग और पुलिस विभाग के ई-चालान एप्लीकेशन अलग-अलग हैं। पुलिस विभाग के एप्लीकेशन का अपडेशन शनिवार से चल रहा है। इसके चलते यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई फिलहाल प्रभावित है।
परमिट शर्तों के उल्लंघन में 15 वाहनों के चालान
वहीं, लंबी दूरी की यात्रा करने वाली स्लीपर बसों समेत 15 वाहनों के खिलाफ परमिट शर्तों के उल्लंघन में चालान की कार्रवाई की गई। एआरटीओ बिंध्याचल गुप्ता ने बताया कि सोमवार को सचेंडी, नौबस्ता, पनकी समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान स्लीपर बसों में फिटनेस, परमिट, अग्निशमन यंत्र की वैधता और बस की बॉडी के निर्धारित मानकों को देखा गया। जांच में कुछ वाहनों में परमिट शर्तों का उल्लंघन मिला, जिस पर नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।

