आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार पलटी, चालक समेत दो की मौत

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार पलटी, चालक समेत दो की मौत

बिल्हौर में ईशन नदी पुल के पास हादसा, दो महिलाएं गंभीर घायल; झपकी आने से कार अनियंत्रित होने की आशंका

कानपुर। बिल्हौर क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। कार सवार एक युवक सुरक्षित बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने चालक और एक महिला को मृत घोषित कर दिया।

राजस्थान से अंबेडकर नगर जा रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, अंबेडकर नगर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के खानपुर सलेमपुर निवासी अंकित पुत्र काशीराम राजस्थान के रेवाड़ी में निजी नौकरी करते हैं। वह अपनी मौसी करिश्मा (20), उनकी सास टगोरी बालादास (56) और उनकी बेटी सोना (18) के साथ अंबेडकर नगर स्थित अपने घर जा रहे थे। इसके लिए उन्होंने किराये पर कार ली थी, जिसे राजस्थान निवासी मुनेंद्र उर्फ मुन्ना (50) चला रहा था।

सुबह 4:30 बजे डिवाइडर से टकराई कार

हादसा सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 216 के पास ईशन नदी पुल पर हुआ। कार लखनऊ की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

सूचना मिलने पर यूपीडा के सुरक्षाकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे। टीम ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और सभी को अस्पताल पहुंचाया।

चालक और महिला की मौत, दो लखनऊ रेफर

हादसे में कार चालक मुनेंद्र उर्फ मुन्ना निवासी गोयल कॉलोनी, महेश्वरी, धारूहेड़ा थाना क्षेत्र, राजस्थान और टगोरी बालादास निवासी बंगरोरा, बारसोई, जिला कटिहार, बिहार की मौत हो गई। वहीं, करिश्मा और सोना गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को बिल्हौर सीएचसी में प्राथमिक उपचार देने के बाद परिजनों के अनुरोध पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। अंकित हादसे में सुरक्षित बच गए।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने के कारण दुर्घटना होने की आशंका है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से हटवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *