एलिम्को में सीबीआई की आठ घंटे तक जांच, व्हीलचेयर आपूर्ति में कमीशनखोरी की शिकायत पर खंगालीं फाइलें
कानपुर। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) में व्हीलचेयर आपूर्ति में कमीशनखोरी और ठेकों के आवंटन में अनियमितता की शिकायत पर सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। शुक्रवार को सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम ने संस्थान में करीब साढ़े आठ घंटे तक जांच-पड़ताल की। टीम ने कई महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज खंगाले। साथ ही कुछ दस्तावेजों की छायाप्रति अपने साथ ले गई। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई।
आइआइटी के पास स्थित एलिम्को में सीबीआई की टीम दोपहर करीब 12 बजे पहुंची और रात 8:30 बजे तक जांच करती रही। बताया जा रहा है कि व्हीलचेयर की आपूर्ति में डीलर को करीब 12 प्रतिशत कमीशन देने और एक ही फर्म को ज्यादातर ठेके आवंटित किए जाने की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। टीम ने शिकायत में दर्ज लेनदेन और आपूर्ति से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की।
तीन आपूर्तियों में करोड़ों के कमीशन का आरोप
मसवानपुर निवासी सुकांत कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया था कि एलिम्को ने 22 दिसंबर 2023 को ओडिशा चुनाव के लिए 34.53 करोड़ रुपये की व्हीलचेयर की आपूर्ति की थी। इसमें डीलर को 4.14 करोड़ रुपये कमीशन दिया गया। इसी तरह 11 फरवरी 2026 को गुजरात सरकार को 22.95 करोड़ रुपये की व्हीलचेयर बेची गईं, जिसमें 2.80 करोड़ रुपये कमीशन दिए जाने का आरोप लगाया गया।
शिकायत के मुताबिक, 23 मार्च 2026 को गुजरात सरकार को ही 13.12 करोड़ रुपये की व्हीलचेयर की आपूर्ति की गई। इसमें भी डीलर को 1.58 करोड़ रुपये कमीशन दिए जाने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने इन तीनों सौदों में दिए गए कमीशन के औचित्य पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की थी।
एक ही फर्म को ठेके देने पर भी उठाए सवाल
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि व्हीलचेयर की आपूर्ति में डीलर को करीब 12 प्रतिशत कमीशन दिया जाता है। इसके अलावा एक ही कंपनी को अधिकांश ठेके आवंटित किए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं। इन्हीं बिंदुओं को लेकर सीबीआई ने जांच शुरू की है। शुक्रवार को टीम ने संबंधित खरीद, आपूर्ति और ठेका आवंटन से जुड़ी फाइलों की पड़ताल की।
एलिम्को प्रबंधन ने प्रक्रिया को बताया पारदर्शी
एलिम्को के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार ने बताया कि सीबीआई की टीम संस्थान आई थी और मामले की जांच की है। हालांकि, वह उस समय बाहर थे, इसलिए उन्हें जांच के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि संस्थान में सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी हैं और डीलरों से भी नियमानुसार काम कराया जाता है।


