पश्चिम जोन पुलिस ने बरामद किए 101 गुमशुदा मोबाइल, 25 लाख रुपये के फोन मालिकों को सौंपे
वर्ष 2026 में अब तक 450 मोबाइल बरामद, सीईआईआर पोर्टल की मदद से पुलिस को मिली सफलता
कानपुर नगर। पश्चिम जोन पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए 101 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है। शनिवार को पुलिस अधिकारियों ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के निर्देशन में साइबर क्राइम सेल पश्चिम जोन और विभिन्न थानों की साइबर हेल्प डेस्क ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। पुलिस ने भारत सरकार के सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से इन मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया।
28 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल स्वामियों को उनके फोन वितरित किए गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार जताया। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक पश्चिम जोन पुलिस करीब 450 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंप चुकी है।

मोबाइल गुम होने पर तत्काल दर्ज कराएं शिकायत
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन खोने अथवा चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने या साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही भारत सरकार के आधिकारिक सीईआईआर पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर मोबाइल ब्लॉक कराने के लिए आवेदन करें। मोबाइल का आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखें और संबंधित नेटवर्क ऑपरेटर से संपर्क कर सिम कार्ड बंद कराएं।
पुलिस ने मोबाइल से जुड़े बैंकिंग एप, यूपीआई और अन्य महत्वपूर्ण खातों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आवश्यक पासवर्ड बदलने की भी सलाह दी है।
पश्चिम जोन पुलिस का कहना है कि गुमशुदा मोबाइल की बरामदगी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।


