अब घर बैठे मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे नाम, ECI Net ऐप पर मिलेंगी निर्वाचन संबंधी 40 से अधिक सुविधाएं

डिजिटल वोटर कार्ड डाउनलोड करने से लेकर आवेदन की स्थिति जानने तक की सुविधा, बीएलओ से बातचीत के लिए भी बुक कर सकेंगे कॉल

दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था का अनुरोध करने की सुविधा, निर्वाचन संबंधी शिकायतों के लिए सी-विजिल मॉड्यूल भी उपलब्ध

कानपुर नगर। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए अब लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए ECI Net ऐप पर 40 से अधिक निर्वाचन संबंधी सेवाओं को एकीकृत किया है। इस ऐप के माध्यम से मतदाता घर बैठे मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, व्यक्तिगत विवरण में संशोधन कराने, डिजिटल मतदाता पहचान पत्र डाउनलोड करने और ऑनलाइन आवेदन की स्थिति जानने जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से लोगों को इस ऐप के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन से संबंधित विभिन्न ऐप और पोर्टल की सुविधाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ECI Net ऐप तैयार किया गया है। यह ऐप हिंदी और अंग्रेजी सहित 23 भाषाओं में उपलब्ध है। मतदाता इसे गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। इसका उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और आमजन के लिए सुलभ बनाना है।

मतदाता सूची और वोटर कार्ड से जुड़ी सुविधाएं

ऐप के माध्यम से मतदाता घर बैठे मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकते हैं। इसके साथ ही पात्र नागरिक नया नाम दर्ज कराने, मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन कराने और डिजिटल वोटर कार्ड डाउनलोड करने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के बाद उसकी स्थिति भी ऐप के माध्यम से देखी जा सकती है। इससे मतदाताओं को अपने आवेदन की प्रगति जानने के लिए बार-बार निर्वाचन कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

बीएलओ और मतदान केंद्र की मिलेगी जानकारी

ECI Net ऐप पर मतदाता अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) का नाम और मोबाइल नंबर भी देख सकेंगे। इसके अलावा संबंधित मतदान केंद्र का पता, विधानसभा एवं लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, भाग संख्या और मतदाता क्रम संख्या की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी। ऐप में दी गई ‘बुक ए कॉल’ सुविधा के माध्यम से मतदाता अपने बीएलओ से बातचीत करने के लिए कॉल बुक कर सकते हैं। इससे मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं और आवेदन संबंधी जानकारी प्राप्त करना आसान होगा।

दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था

दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐप में सक्षम मॉड्यूल की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से दिव्यांग मतदाता अपना पंजीकरण करा सकते हैं और मतदाता सूची में अपनी दिव्यांगता का विवरण दर्ज करा सकते हैं। मतदान के दिन व्हीलचेयर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए भी अनुरोध कर सकते हैं। इसका उद्देश्य दिव्यांग मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया में सहज भागीदारी का अवसर उपलब्ध कराना है।

चुनाव प्रत्याशियों की जानकारी और शिकायत का विकल्प

ऐप पर निर्वाचन के दौरान चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी उपलब्ध रहेंगी। मतदाता प्रत्याशियों के शपथपत्र, शैक्षणिक योग्यता, संपत्ति, देनदारियों और आपराधिक मामलों से संबंधित विवरण देख सकेंगे। इसके अतिरिक्त मतदान के दौरान मतदान प्रतिशत के रुझानों की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की स्थिति में सी-विजिल मॉड्यूल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध है।

जिला संपर्क केंद्र में अलग-अलग डेस्क स्थापित

निर्वाचन संबंधी सेवाओं का लाभ उठाने में आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जनपद में जिला संपर्क केंद्र स्थापित किया गया है। यहां हेल्पलाइन, शिकायत पंजीकरण, मतदाता सूची, मतदाता पहचान पत्र, बीएलओ समन्वय और डिजिटल सहायता के लिए अलग-अलग डेस्क की व्यवस्था की गई है। इस केंद्र के माध्यम से मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टि, मतदाता पहचान पत्र के वितरण तथा बीएलओ से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विवेक चतुर्वेदी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान ECI Net ऐप डाउनलोड कर अपनी और परिवार के सभी पात्र सदस्यों की मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की स्थिति अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी किसी भी जानकारी, शिकायत अथवा ऑनलाइन आवेदन में सहायता के लिए जिला संपर्क केंद्र के टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

इस पहल से मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में आमजन की भागीदारी बढ़ने के साथ निर्वाचन संबंधी सेवाओं को डिजिटल माध्यम से घर बैठे प्राप्त करना आसान होगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *