प्यूर्टो रिको की जेनिफर बनीं मिस यूनिवर्स
भारतीय कारीगरों की कढ़ाई वाला गाउन पहना; खिताब जीतने वाली पहली शादीशुदा महिलाप्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो मिस यूनिवर्स-2026 बन गई हैं

25 नवंबर को राजधानी सैन जुआन में हुए 75वें फिनाले में उन्हें विजेता चुना गया। जेनिफर यह खिताब जीतने वाली पहली शादीशुदा महिला और मां हैं। उन्होंने फरवरी 2026 में पहली बार रैंप वॉक किया था। जून में मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको का खिताब जीतने के बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पहुंचीं। उन्होंने 30 किलो वजन भी घटाया है। उनकी जीत के साथ प्यूर्टो रिको ने छठी बार यह ताज जीता। डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट और वेनेजुएला की क्लारा वेगास सेकेंड रनर-अप रहीं।
जेनिफर मॉडल और सोशल वर्कर हैं। उन्होंने जून 2026 में मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको का खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया। मिस यूनिवर्स 2026 के रूप में अपना नाम सुनते ही जेनिफर बैरेटो भावुक हो गईं।
जेनिफर से पहले प्यूर्टो रिको की पांच कंटेस्टेंट्स ने मिस यूनिवर्स का ताज अपने नाम किया था। 1970 में मैरिसोल मालारेट, 1985 में डेबोरा कार्थी-ड्यू, 1993 में दयानारा टोरेस, 2001 में डेनिस क्विनोनेस और 2006 में जुलेइका रिवेरा ने यह खिताब जीता था।
जेनिफर शादीशुदा हैं और उनकी एक बेटी भी है। मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में पहले केवल अविवाहित महिलाएं ही हिस्सा ले सकती थीं। हालांकि, अब शादीशुदा और तलाकशुदा महिलाएं भी इसमें भाग ले सकती हैं। मिस यूनिवर्स संगठन ने 2023 के संस्करण से अपने नियमों में बदलाव किया था। इसके बाद शादीशुदा महिलाओं और मां बन चुकी महिलाओं के लिए भी प्रतियोगिता के दरवाजे खुल गए।
भारत की काजिया टॉप 30 तक पहुंचीं

इस साल भारत की तरफ से केरलम की 19 साल की काजिया लिज मेजो ने हिस्सा लिया। दुनिया के 116 देशों और क्षेत्रों की प्रतियोगियों ने ताज के लिए मुकाबला किया। हालांकि, काजिया टॉप 30 तक पहुंचने के बाद टॉप 12 में जगह नहीं बना सकीं।विजेता के लिए इस बार 3,150 हीरे जड़ा खास डायमंड क्राउन तैयार किया गया है। प्रतियोगिता की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर बनाया गया यह क्राउन 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड से बना है।
फिनाले से पहले ही प्रतियोगिता कई विवादों में घिर गई थी। मिस यूनिवर्स वियतनाम की विजेता से ताज वापस ले लिया गया। 6 दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों की प्रतियोगियों को फ्रेंचाइजी विवाद के चलते अंतरराष्ट्रीय मंच पर जगह नहीं मिली। वहीं, कुछ अफ्रीकी देशों की प्रतियोगियों को अमेरिकी वीजा नहीं मिलने के कारण नाम वापस लेना पड़ा।


