कानपुर में ब्लैकआउट मॉकड्रिल, हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का हुआ परीक्षण
प्रशासन, पुलिस, सेना और एसडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से किया खोज एवं बचाव अभियान का अभ्यास
कानपुर नगर। आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम कानपुर नगर में व्यापक ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस अभ्यास में हवाई हमले जैसी परिस्थितियों से निपटने, राहत एवं बचाव कार्यों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की क्षमता का परीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा महेंद्र सिंह तंवर के मार्गदर्शन में शाम छह बजे आयोजित मॉकड्रिल का मुख्य केंद्र पं. दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय, आजाद नगर रहा। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों का वास्तविक स्वरूप तैयार कर बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।
अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ सिंह के समन्वय में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन विभाग, एनसीसी, नगर निगम, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग, भारतीय सेना तथा नागरिक सुरक्षा विभाग की टीमों ने हिस्सा लिया।
अभ्यास के दौरान क्षतिग्रस्त भवनों से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, मलबे में दबे लोगों की तलाश करने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत पहुंचाने का प्रदर्शन किया गया। आधुनिक उपकरणों और व्यावहारिक तकनीकों के माध्यम से बचाव कार्यों का अभ्यास कर आपात स्थिति में विभागों की तत्परता और कार्यक्षमता को परखा गया।
उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा ममता रानी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में सभी संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपकर मॉकड्रिल को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। वहीं मॉकड्रिल प्रभारी सहायक उपनियंत्रक विमलेश कुमार यादव ने आमजन से अपील की कि इस तरह के अभ्यास के दौरान घबराएं नहीं, शांति और अनुशासन बनाए रखें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
इस अवसर पर नागरिक सुरक्षा के चीफ वार्डेन राजीव सिंह, डिप्टी चीफ वार्डेन आशीष कुमार बाजपेई, सहायक उपनियंत्रक मुकेश कुमार, प्रभारी सहायक उपनियंत्रक प्रवीण वर्मा, स्टाफ अधिकारी योगेन्द्र कुमार मिश्रा, डिवीजनल वार्डेन धनंजय नारायण सिंह, मो. कैफ खान सहित नगर के विभिन्न डिवीजनल एवं सीनियर वार्डेन मौजूद रहे।
मॉकड्रिल के माध्यम से प्रशासन ने आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, विभागीय तालमेल और नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में अपनी तैयारियों का जायजा लिया।


